हिंदी
यूपी के देवरिया में सड़क हादसों पर लगाम नहीं लग रही है। ताजा मामले में शुक्रवार को शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
देवरिया में युवक का शव बरामद
Deoria: जनपद के रामलक्षन-देवरिया मार्ग के खोराराम चौराहा पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान रुद्रपुर कोतवाली के बटुलहीं निवासी पंकज कुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पंकज एक निजी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनकी शादी लगभग तीन महीने पहले 24 नवंबर 2025 को हुई थी।
जानकारी के अनुसार रुद्रपुर कोतवाली के बटुलहीं निवासी युवक घर से बाइक से निकले थे लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। शाम करीब 5 बजे खोराराम गांव के पास बगीचे और खेत की ओर गए ग्रामीणों ने एक लावारिस बाइक खड़ी देखी। पास जाने पर उन्होंने हेलमेट पहने एक युवक का शव जमीन पर पड़ा पाया, जिससे ग्रामीण सकते में आ गए।
शव देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की और परिजनों को सूचित किया। परिवार के सदस्य घटना स्थल पर पहुंचे। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक की पत्नी उर्मिला पति के मौत कि खबर सुनकर बेहोश हो गई। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
किसान के बेटे से लेकर गांव की बेटी तक… देवरिया के इन 3 होनहारों ने UPSC में रच दिया इतिहास
पुलिस ने बताया कि हादसे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह का खुलासा होगा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर दुर्घटना के वजह पता कर रही है।
पुलिस ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।