
शिकायत लेकर पहुंची महिला (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कुशीनगर की रहने वाली सुनीता देवी ने अपनी जमीन और मकान को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके परिवार की संपत्ति को सुनियोजित तरीके से हड़पने की कोशिश की गई और अब उन्हें अपने ही घर से बेदखल करने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़िता ने प्रशासन और पुलिस से निष्पक्ष जांच के साथ सुरक्षा की मांग की है।
गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में सुनीता देवी ने कहा कि उनकी आबादी और कृषि भूमि, जिस पर उनका मकान भी बना हुआ है, को कथित रूप से धोखे से दूसरे लोगों के नाम कराने की कोशिश की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में उनके पति की नशे की आदत का फायदा उठाया गया।
महिला का कहना है कि उनके पति नन्दलाल चौहान लंबे समय से शराब के आदी हैं और इसी कमजोरी का लाभ उठाकर कुछ लोगों ने विवादित जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया।
सुनीता देवी के अनुसार, 8 मई 2025 को उनके पति को शराब पिलाकर और बहला-फुसलाकर जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए। उनका आरोप है कि इसके बाद जमीन का बैनामा अमरनाथ वर्मा और उनकी पत्नी सुधा वर्मा के नाम करा लिया गया। पीड़िता ने कहा कि सिर्फ कृषि भूमि ही नहीं, बल्कि उस आबादी की जमीन को भी दस्तावेजों में शामिल कर लिया गया, जहां उनका मकान स्थित है। उनका दावा है कि बाद में प्रभाव और धनबल का उपयोग कर नामांतरण की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।
बलरामपुर में बिजली समस्या पर संग्राम, सांसद और विधायक को लिखी चिट्ठी, मांगा पक्का इलाज
जब सुनीता देवी को पूरे मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने कथित बैनामे को निरस्त कराने के लिए अदालत में वाद दायर किया है। महिला ने बताया कि मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है और इसकी अगली सुनवाई 3 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अदालत की ओर से यथास्थिति बनाए रखने का आदेश जारी किया जा चुका है, ताकि विवादित संपत्ति की स्थिति में कोई बदलाव न हो।
प्रेस वार्ता के दौरान सुनीता देवी ने आरोप लगाया कि न्यायालय जाने के बाद उनके परिवार पर दबाव बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर लगातार धमकियां दी जा रही हैं और परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है।महिला का आरोप है कि उनके पति के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराकर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। इतना ही नहीं, उन्होंने परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने तक की धमकियां मिलने का भी दावा किया।
प्रयागराज में आधी रात गोलियों की गूंज, गांव में दहशत… कौन रच रहा है खूनखराबे की साजिश?
सुनीता देवी ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कथित फर्जी बैनामे को निरस्त कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। पीड़िता का कहना है कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर भी त्वरित हस्तक्षेप जरूरी है ताकि उनके परिवार को किसी तरह की क्षति न पहुंचे।
Location : Gorakhpur
Published : 11 June 2026, 5:12 PM IST