
मृतक दीपक नागर (Img: Dynamite News)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के वेदपुरा गांव में बुधवार रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। गांव के बाहर एक युवक को घेरकर गोलियों से भून दिया गया। रात करीब साढ़े 10 बजे हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन बदमाश पहले से ही घात लगाए बैठे थे। जैसे ही युवक वहां पहुंचा, बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय दीपक नागर के रूप में हुई है, जो वेदपुरा गांव का रहने वाला था। दीपक दिल्ली के गाजीपुर स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था और इन दिनों उसकी नाइट ड्यूटी चल रही थी। बुधवार रात वह बाइक से फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था।
Greater Noida Fire: जेवर के कृष्णा रेडीमेड शोरूम में भीषण आग, दो मंजिलें जलकर राख
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव से बाहर निकलते ही बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया और बेहद करीब से उस पर फायरिंग कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने करीब छह गोलियां चलाईं। गोलियां दीपक के सिर और पीठ में लगी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत परिवार वालों को सूचना दी गई। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से घायल दीपक को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। देर रात तक अस्पताल परिसर में गम और गुस्से का माहौल बना रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
घटना की सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक के स्वजन ने गांव के कुछ लोगों के नाम बताए हैं, जिन पर शक जताया जा रहा है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Location : Greater Noida
Published : 21 May 2026, 8:24 AM IST