
गोरखपुर में महाठगों का बड़ा भंडाफोड़ (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: नौकरी दिलाने और पैसे कमाने का लालच देकर भोले-भाले लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनका इस्तेमाल संदिग्ध वित्तीय लेन-देन में करने वाले गिरोह का शाहपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ने बिछिया जंगल तुलसीराम निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते के जरिए करीब 1.75 करोड़ रुपये का संदिग्ध वित्तीय लेन-देन किया।
मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के बिछिया जंगल तुलसीराम से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र निवासी रमेश सहानी को नौकरी दिलाने और पैसे का लालच देकर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में खाता खुलवाया गया था। खाता खुलवाने के बाद आरोपियों ने धोखे से उसका पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद खाते का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर वित्तीय लेन-देन के लिए किया गया।
यह भी पढ़ें - Gorakhpur: दहेज में फॉर्च्यूनर नहीं मिली तो विवाहिता पर टूटा कहर, गर्भपात का दबाव और घर से निकालने का आरोप
खाते में करीब एक करोड़ 75 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन का मामला सामने आने के बाद पीड़ित ने शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के निर्देशन में थानाध्यक्ष शाहपुर अंजय कुमार सिंह और उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह की टीम ने जांच आगे बढ़ाई। सुराग मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर नौ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष निषाद (21), निवासी कुम्हारटोला, थाना शाहपुर और अभिषेक जायसवाल (24), निवासी मल्लाह टोला, बिछिया, थाना शाहपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से हुई बरामदगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में BNS की धारा 112(2) और 61(2) की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें - Gorakhpur News: धान पकने को था तैयार, तभी मौसम ने पलट दिया खेल! आंधी-बारिश में खेतों में बिछी फसल
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तरह कितने लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनका इस्तेमाल संदिग्ध लेन-देन के लिए किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Location : Gorakhpur
Published : 22 September 2026, 6:55 PM IST