
हरियाणा की हिसार साइबर टीम का बदायूं में बड़ा छापा (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं में हिसार से उसावां वार्ड नंबर 11 स्थित एमएफ हाईवे मेन रोड पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हरियाणा की हिसार साइबर क्राइम टीम ने एक जनसेवा केंद्र पर छापा मारा। टीम के अचानक पहुंचने से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार हिसार साइबर क्राइम टीम में कुछ पुलिसकर्मी वर्दी में थे, जबकि कुछ सदस्य सादे कपड़ों में थे। टीम ने सीधे एमएफ हाईवे मेन रोड स्थित जनसेवा केंद्र पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान स्थानीय पुलिस ने भी हिसार टीम को आवश्यक सहयोग दिया।
यह भी पढ़ें - Budaun: मैरिज हॉल बना नकली खाद का अड्डा, छापे के बाद सामने आई हैरान करने वाली सच्चाई
साइबर क्राइम टीम ने जनसेवा केंद्र को खुलवाकर अंदर मौजूद दस्तावेजों, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य गतिविधियों की बारीकी से जांच-पड़ताल की। बताया जा रहा है कि टीम ने केंद्र के लेन-देन और ऑनलाइन कार्यों से जुड़े कई रिकॉर्ड खंगाले।
जांच के दौरान साइबर क्राइम टीम ने जनसेवा केंद्र संचालक से काफी देर तक पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार पूछताछ किसी साइबर अपराध से जुड़े मामले को लेकर की जा रही थी। इसके बाद टीम संचालक को अपने साथ स्थानीय थाने ले गई, जहां उससे दोबारा गहन पूछताछ की गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि हिसार साइबर क्राइम टीम अपने स्तर से किसी मामले की जांच के सिलसिले में आई हुई थी। स्थानीय पुलिस द्वारा उन्हें आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है। यह कार्रवाई पूरी तरह से हिसार पुलिस के नेतृत्व में की जा रही है।
वहीं जब इस कार्रवाई को लेकर हिसार साइबर क्राइम टीम के उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने मीडिया को कोई भी आधिकारिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। काफी देर तक जांच और पूछताछ के बाद टीम जनसेवा केंद्र संचालक को छोड़कर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
यह भी पढ़ें - Budaun: बदायूं जिला अस्पताल में देर रात चोरों का धावा, कमरा बंद कर हुए फरार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह मामला किस साइबर अपराध से जुड़ा है। पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। लेकिन दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जोरों पर हैं।
Location : Budaun
Published : 23 September 2026, 12:05 PM IST