हिंदी
CCTV में महिला के साथ जाते बच्चे (Image Source: Internet)
Indore: मध्य प्रदेश के इंदौर में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज अपहरण का मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। ग्रेटर तिरुपति नगर (बख्तावरराम नगर) में घर के पास बगीचे में खेल रहे दो बच्चों का अचानक अपहरण कर लिया गया। घटना के बाद परिवार और मोहल्ले के लोग घबराकर बच्चों की तलाश में जुट गए।
अपहृत बच्चों की पहचान आठ वर्षीय नैतिक, पिता सन्नी सोनकर, निवासी बड़ी ग्वालटोली और 11 वर्षीय सम्राट, पिता अजयदेव, निवासी लालाराम नगर के रूप में हुई। दोनों बच्चे रोज की तरह अपने दोस्तों के साथ बगीचे में खेलने गए थे। लेकिन रात आठ बजे तक घर नहीं लौटे तो परिवार वालों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मामले की जांच शुरू हुई। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
पुलिस ने बगीचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में दोनों बच्चे एक युवती के साथ जाते दिखाई दिए। आगे की जांच में पता चला कि युवती बच्चों को लेकर एक कैब में बैठकर वहां से निकल गई।
घटना के बाद नैतिक की मां पूजा के मोबाइल फोन पर देर रात लगातार कॉल आने लगे। पुलिस की मौजूदगी में एक अनजान युवती ने व्हाट्सएप कॉल कर बच्चों को छोड़ने के बदले 15 लाख रुपये की मांग की। बताया गया कि रात 11 बजे के बाद अलग-अलग नंबरों से दस से ज्यादा कॉल किए गए।
चंदौली में हिस्ट्रीशीटर से पुलिस मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल; पढे़ं पूरी खबर
फोन पर धमकी दी गई कि यदि रकम नहीं दी गई तो बच्चों को बहुत दूर ले जाया जाएगा। इस बीच पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी रही। अपहरणकर्ताओं के दबाव के कारण परिवार गहरे तनाव में आ गया। दोनों बच्चों के पिता छोटे स्तर पर गन्ने के रस का ठेला लगाकर परिवार चलाते हैं।
पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवती की पहचान की। रात करीब एक बजे पुलिस ने दत्त नगर इलाके से आरोपी राधिका को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी युवती पिछले कुछ दिनों से बगीचे में आ रही थी और बच्चों से बातचीत कर रही थी। बच्चों को जानवर दिखाने और खेलने का लालच देकर वह धीरे-धीरे उनसे परिचित हो गई थी।
नैतिक के चाचा राहुल सोनकर ने बताया कि युवती बच्चों को मोबाइल में पिल्ले, कबूतर, सफेद चूहे, खरगोश और बिल्ली जैसे जानवरों के वीडियो दिखाती थी। वह बच्चों से कहती थी कि उनके साथ चलने पर उन्हें जानवर और पिंजरे गिफ्ट में दिए जाएंगे।
Kanpur Dehat: 12 वर्षीय किशोरी की रहस्यमयी मौत से गांव में हड़कंप, पढे़ं पूरी खबर
बच्चों के साथ खेलने वाले अन्य बच्चों ने भी पुलिस को बताया कि युवती के साथ एक युवक भी आता था, जो बच्चों से दोस्ती करने की कोशिश करता था। पुलिस अब इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस घटना ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को अकेले खेलने के लिए भेजते समय सतर्क रहें और आसपास संदिग्ध लोगों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Location : Indore
Published : 24 April 2026, 3:35 AM IST
Topics : Indore crime indore news Kidnap MP Crime MP News