
गोरखपुर में 1 लाख कैश और लाखों के जेवर ले उड़े (IMG: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी इलाके में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की रात्रि गश्त को चुनौती दे दी है। उनवल चौकी क्षेत्र के ढडौना गांव में सोमवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। परिवार के लोग घर में मौजूद थे और छत पर सो रहे थे, लेकिन नीचे चोर बेखौफ होकर ताला काटते रहे।
ढडौना निवासी उषा देवी पत्नी राम मिलन साहनी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह रात में घर की छत पर सोई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला काट दिया। चोर घर के अंदर पहुंचे और कमरे में रखे बक्से को किसी भारी वस्तु से तोड़कर उसमें रखा सामान निकाल लिया। पीड़िता के मुताबिक, बक्से में करीब एक लाख रुपये नकद के अलावा सोने-चांदी के आभूषण रखे थे।
चोरी का पता चलते ही पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। बाद में मामले की जांच के लिए उनवल चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। बताया गया कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे उनवल चौकी इंचार्ज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर के आसपास की स्थिति देखी और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
ढडौना गांव में हुई चोरी की इस घटना ने आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि खजनी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, चोर अलग-अलग इलाकों में अपना निशाना बना रहे हैं। पिछले सप्ताह महुआडाबर क्षेत्र के डूमरघाट ग्रामसभा में लगातार तीन घरों में चोरी की घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है। अब ढडौना में हुई वारदात ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
ढडौना में जिस तरह चोरों ने घर का ताला काटकर वारदात को अंजाम दिया, उससे रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। खास बात यह है कि चोरी के दौरान परिवार के लोग घर में ही मौजूद थे और छत पर सो रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को रात में संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ानी चाहिए। साथ ही चोरी की घटनाओं में शामिल पुराने अपराधियों और संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जानी चाहिए।
Location : Gorakhpur
Published : 18 August 2026, 3:44 PM IST