हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest )
Agra: दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार को ताजमहल की पश्चिमी गेट पार्किंग और फतेहाबाद रोड पर चोरों ने बेखौफ होकर पर्यटकों की कारों के शीशे तोड़ दिए और बैग, मोबाइल समेत कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पहली घटना ताजमहल की पश्चिमी गेट पार्किंग में हुई। राजस्थान के अलवर निवासी रमन कुमार वर्मा अपने परिवार के साथ ताजमहल घूमने आए थे। उन्होंने सुबह करीब 11:30 बजे अपनी कार पार्किंग में खड़ी की और ताजमहल का भ्रमण करने चले गए। वापस लौटने पर कार का पिछला शीशा टूटा मिला और अंदर रखा उनकी भाभी का बैग गायब था। बैग में कपड़े और अन्य जरूरी सामान रखा था। घटना से परेशान पर्यटक ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। हालांकि बाद में एक ऑटो चालक को बैग मिल गया, जिसके बाद शिकायत वापस ले ली गई।
दूसरी घटना फतेहाबाद रोड स्थित एक रेस्तरां के बाहर हुई। राजस्थान के पाली निवासी चित्ररंजन गुप्ता अपने परिवार के साथ भोजन करने पहुंचे थे। उन्होंने कार रेस्तरां के बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटे तो कार का साइड शीशा टूटा मिला और महिला का पर्स गायब था। पर्स में मोबाइल और अन्य जरूरी सामान मौजूद था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है। सर्विलांस की मदद से उसके मोबाइल की अंतिम लोकेशन ईदगाह क्षेत्र तक मिली, जिसके बाद मोबाइल बंद हो गया। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि थाना ताजगंज पुलिस और सर्विलांस टीम आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने ताजमहल आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पर्यटकों का कहना है कि पार्किंग और पर्यटन स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Location : Agra
Published : 27 July 2026, 10:38 AM IST
Topics : Agra Crime Taj Mahal Car Theft Tourist safety