हिंदी
ताजमहल दीदार करने आए अमेरिकी पर्यटकों के साथ बड़ी वारदात (सोर्स- Pinterest)
Agra: दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल का दीदार करने आए विदेशी सैलानियों के लिए आगरा का सफर एक खौफनाक और शर्मनाक अनुभव में बदल गया। फतेहाबाद रोड पर विलासितापूर्ण होटल में ठहरे अमेरिकी पर्यटकों के एक समूह को 'बच्चा गैंग' ने इस सफाई से चूना लगाया कि उन्हें होश तब आया जब लुटिया डूब चुकी थी। भीख मांगने के बहाने हुई इस शातिर नेवीगेशन-कम-थेफ्ट ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना 19 सितंबर की है। अमेरिका के फ्लोरिडा से भारत आए थाई न्गुयेन, उनकी पत्नी क्विन्ह न्गुयेन और साथी फुओन न्गुयेन आगरा के ऐतिहासिक धरोहरों- ताजमहल और आगरा किला को देखने पहुंचे थे। वे फतेहाबाद रोड स्थित प्रतिष्ठित होटल ट्राइडेंट में ठहरे थे।
शाम 4:50 बजे तीनों एक मेडिकल स्टोर से दवा लेने निकले। क्विन्ह न्गुयेन ने सड़क किनारे अपने कंधे के बैग से बटुआ निकाला और खुले में भारतीय मुद्रा व डॉलर गिनने लगीं। दवा का इरादा टालकर उन्होंने रकम वापस बैग में रखी और होटल की तरफ कदम बढ़ा दिए। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि कोई शातिर नजरें उनकी हर हरकत और डॉलर्स की गड्डी पर टिकी हैं।
होटल लौटते वक्त रास्ते में 8 से 12 साल के 4-5 बच्चों ने अमेरिकी सैलानियों को चारों तरफ से घेर लिया। बच्चों ने इस तरह आक्रामक अंदाज में भीख मांगना शुरू किया कि विदेशी पर्यटक कुछ समझ ही नहीं पाए। इसी अफरा-तफरी के बीच एक शातिर बच्चे ने क्विन्ह के बैग से सफाई से बटुआ गायब कर दिया और रफूचक्कर हो गया।
कुछ दूर जाकर जब पर्यटकों ने बैग संभाला, तो होश उड़ गए। चोरी हुए बटुए में-
एक लाल लिफाफे में 2,000 यूएस डॉलर
अलग से 750 यूएस डॉलर
2,000 भारतीय रुपये
और सबसे अहम- अमेरिकी पासपोर्ट गायब था।
सूचना मिलते ही ताज सुरक्षा पुलिस हरकत में आई। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की डीप स्कैनिंग से यह साफ हुआ कि फार्मेसी पर डॉलर गिनने के दौरान ही बच्चा गैंग के रडार पर सैलानी आ गए थे।
हालांकि, मुख्य चोर की पहचान हो गई है, जो फतेहाबाद रोड पर अपने फूफा के साथ रहता था। वारदात के बाद से पूरा गैंग ठिकाना छोड़कर फरार है। मुख्य आरोपी बच्चे की मां का निधन हो चुका है, जबकि पिता हरिद्वार में रहता है।
पुलिस ने मथुरा के फरह स्टेशन के पास से इस गैंग के एक साथी को धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर मुख्य सरगना और बाकी बच्चों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
आगरा में सैलानियों के लिए 'लपके' पहले ही जी का जंजाल बने हुए थे, लेकिन अब नाबालिग बच्चों को अपराध की दुनिया में ढकेलने वाला यह चाइल्ड सिंडिकेट प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। विदेशी पर्यटकों के बीच इस तरह की घटना से ताज नगरी की अंतरराष्ट्रीय छवि को तगड़ा झटका लगा है। सवाल यह है कि वीआईपी और टूरिस्ट जोन माने जाने वाले फतेहाबाद रोड पर मासूम बच्चों का ऐसा दुस्साहसिक गिरोह आखिर सक्रिय कैसे हो गया? पुलिस अब इस सिंडिकेट के पीछे के बड़े चेहरों को बेनकाब करने की तैयारी में है।
Location : Agra
Published : 23 September 2026, 8:55 AM IST
Topics : Agra Crime child gang theft stolen US dollars passport Taj Mahal Security US tourist robbed Agra