हिंदी
वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत (Img: Dynamite News)
Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में लालपुर के पास एक अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से 40 वर्षीय ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार चालक और वाहन की पहचान करने में जुटी है।
मृतक की पहचान ग्राम गोरियाकलां निवासी मुन्नालाल के रूप में हुई है। वह सीतापुर शहर के रामसागर नगर में किराये पर रहते थे और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करते थे। रोज की तरह वह काम के सिलसिले में निकले थे, लेकिन लालपुर के पास उनके साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसने परिवार की जिंदगी बदल दी।
मिली जानकारी के अनुसार, मुन्नालाल पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद वाहन चालक रुका नहीं और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मुन्नालाल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, उनकी हालत गंभीर थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मुन्नालाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। जिस व्यक्ति के कंधों पर परिवार की जिम्मेदारियां थीं, उसकी अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- सुलतानपुर में रातोंरात कहां गायब हुई रोडवेज बस? सुबह 3 किमी दूर लावारिस हालत में मिली
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर टक्कर मारने वाला वाहन कौन-सा था और उसका चालक कहां फरार हो गया? फिलहाल वाहन और चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे के समय वहां से गुजरने वाले वाहनों की जानकारी मिल सके। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Location : Sitapur
Published : 13 October 2026, 1:05 PM IST