हिंदी
ट्रिपल मर्डर के बाद जांच के लिए पहुंची पुलिस (img: X)
Pilibhit: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला कमेटी के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सोमवार रात हुए संघर्ष में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता समेत आठ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी राइफल, एक तमंचा, दो कारें और लाठी-डंडे बरामद किए हैं। वारदात के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, अमरिया कस्बे की रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सूरज गुप्ता सरिया-सीमेंट की दुकान चलाते हैं, जबकि कमेटी के सदस्य कौशल गुप्ता की गारमेंट्स की दुकान है। नौ अक्टूबर को हुई कमेटी की बैठक में कौशल गुप्ता ने पिछले करीब चार वर्षों के आय-व्यय और चंदे का हिसाब मांगा था। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद चल रहे थे।
बताया गया है कि इस विवाद के संबंध में पहले किसी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई थी।
यह भी पढ़ें: सुलतानपुर में रातोंरात कहां गायब हुई रोडवेज बस? सुबह 3 किमी दूर लावारिस हालत में मिली
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:30 बजे दोनों पक्षों के कुछ लोग एक विद्यालय में आयोजित बैठक से लौट रहे थे। इसी दौरान कस्बे में उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों से भिड़ गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, इसी दौरान कौशल गुप्ता पक्ष के संतोष गुप्ता ने अपनी लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की। गोलीबारी में अंकित गुप्ता, मोहित गुप्ता (दोनों नरेश गुप्ता के पुत्र) और कुणाल श्रीवास्तव (गुड्डू के पुत्र) की मौत हो गई। वहीं, रोज गुप्ता पुत्र प्रदीप गुप्ता घायल हो गए। घायल युवक का बरेली में उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें: Bareilly College News: असाइनमेंट और नंबरों के विवाद में 3 शिक्षक निलंबित, प्रबंध समिति से भी मांगा जवाब
एसपी सुकीर्ति माधव के मुताबिक, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कौशल गुप्ता, उसके भाई हर्षित गुप्ता, पिता नरेश गुप्ता, चाचा संतोष गुप्ता और संतोष के बेटे रचित गुप्ता को हिरासत में लिया है। इनके अलावा राकेश अरोड़ा, आशु और विक्की मौर्य को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी की भूमिका की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई संतोष गुप्ता के नाम की लाइसेंसी राइफल के साथ एक अवैध तमंचा, दो कारें और लाठी-डंडे बरामद किए हैं। पुलिस बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
यह भी पढ़ें: Firing in Punjab: एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या, पंजाब के मनसा में सनसनी
तिहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुकीर्ति माधव और जिलाधिकारी आलोक कुमार के बाद बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी भी मंगलवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली।
एक ही घटना में तीन लोगों की मौत से अमरिया कस्बे में सनसनी फैल गई है। एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही घटना में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका और विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Pilibhit
Published : 13 October 2026, 12:16 PM IST
Topics : crime news pilibhit triple murder police UP News