Delhi Murder Case: नाबालिग बेटी की हत्या के बाद शव की तलाश, बड़ी बहन पर भी शक! 3 राज्यों की पुलिस जुटी गुत्थी सुलझाने में

दक्षिण दिल्ली की गर्भवती युवती की हत्या के बाद उसका शव चंबल नदी में फेंक दिया गया। दिल्ली पुलिस पांच दिन की रिमांड के बावजूद शव बरामद नहीं कर सकी। यूपी, राजस्थान और मध्य प्रदेश पुलिस से भी संपर्क किया गया है। अब चंबल में मगरमच्छ और घड़ियाल होने से शव मिलने पर सवाल है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 August 2026, 11:52 AM IST
google-preferred

New Delhi: दक्षिण दिल्ली की एक गर्भवती युवती की हत्या का मामला अब चंबल नदी की लहरों में उलझ गया है। हत्या के बाद शव को चंबल में फेंकने का खुलासा होने के बावजूद पुलिस अब तक उसे बरामद नहीं कर सकी है। शव की तलाश में दिल्ली पुलिस के साथ यूपी, राजस्थान और मध्य प्रदेश पुलिस से भी संपर्क किया गया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर युवती का शव कहां गया?

गर्भवती होने की बात पर हुआ विवाद

मामला दिल्ली के तिगड़ी थाना क्षेत्र की युवती से जुड़ा है। पुलिस की जांच के मुताबिक युवती का बस्ती के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। जब इस बात की जानकारी उसके पिता को हुई तो उन्होंने बेटी से गर्भपात कराने के लिए कहा। युवती ने इसका विरोध किया।

इसके बाद पिता उसे अपने पुश्तैनी गांव बसौनी लेकर आए। आरोप है कि वहां चंबल नदी के किनारे बेटी पर आत्महत्या करने का दबाव बनाया गया।

बेटी ने नहीं मानी बात तो डुबोकर मार डाला

पुलिस के अनुसार, युवती ने आत्महत्या करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद पिता ने खुद उसे पानी में डुबोकर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद शव को चंबल नदी में बहा दिया गया। इस सनसनीखेज मामले में मृतका की बड़ी बहन के पति की भूमिका भी सामने आई है। बताया गया कि उसने ससुर के मोबाइल से घटना से जुड़े फोटो खींचे थे। दिल्ली पुलिस ने पिता और जीजा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

’10 मिनट’ का झूठा वादा और डेढ़ घंटे का इंतजार… पिता की गोद में बेटे ने तोड़ा दम, आजमगढ़ में स्वास्थ्य सेवाएं की खुली पोल

पांच दिन की रिमांड में भी नहीं मिला शव

शव बरामद करने के लिए दिल्ली पुलिस दोनों आरोपियों को पांच दिन की रिमांड पर आगरा लेकर आई थी। पुलिस टीम ने चंबल के आसपास कई जगह तलाश की, लेकिन युवती का शव बरामद नहीं हो सका। रिमांड पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका का शव तलाशना है।

बड़ी बहन की भूमिका पर भी जांच

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका की मां की करीब आठ साल पहले मौत हो चुकी है। बड़ी बहन शादीशुदा है, जबकि मझला भाई पढ़ाई करता है। पिता हलवाई की दुकान चलाते हैं। चूंकि बड़ी बहन का पति हत्या में पिता के साथ शामिल था, इसलिए पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं बड़ी बहन की भी घटना में कोई भूमिका तो नहीं थी।

Mainpuri: 12 साल पहले पति को खोया, अब अपनों के बीच छिपा था ऐसा दर्द! सच सामने आया तो विधवा पहुंची SP के पास

तीन राज्यों की पुलिस को भेजी सूचना

एसीपी पिनाहट अनिल कुमार के मुताबिक, मामले की पड़ताल दिल्ली पुलिस कर रही है और आगरा पुलिस शव की बरामदगी में सहयोग कर रही है। राजस्थान और मध्य प्रदेश पुलिस को भी सूचना दी गई है। दोनों राज्यों से कहा गया है कि यदि चंबल या आसपास कहीं कोई अज्ञात शव मिलता है तो इसकी जानकारी दी जाए।

अब मगरमच्छ-घड़ियाल का सता रहा डर

चंबल नदी में घड़ियाल और मगरमच्छ बड़ी संख्या में पाए जाते हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि नदी में बहाए जाने के बाद शव इन जलीय जीवों का निवाला बन गया हो सकता है। यही वजह है कि कई दिनों की तलाश के बाद भी शव का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

हालांकि, शव बरामद होने तक यह स्पष्ट नहीं हो सकेगा कि युवती के साथ वास्तव में क्या हुआ और उसका शव कहां गया। पुलिस की जांच और बरामदगी के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आएगी।

Location :  New Delhi

Published :  7 August 2026, 11:52 AM IST

Related News

Advertisement