Encounter In Pilibhit: ताबड़तोड़ फायरिंग से कांपा पूरा इलाका, एक लाख के इनामी बदमाश को पुलिस ने कैसे सिखाया आखिरी सबक?

पीलीभीत में कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी और एक लाख के इनामी शूटर सरबजीत सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। बिलसंडा में हुई इस मुठभेड़ में एक दरोगा और सिपाही भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर जांच तेज कर दी है।

Updated : 28 June 2026, 9:33 AM IST
google-preferred

Pilibhit: पीलीभीत में कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य शूटर और एक लाख रुपये के इनामी अपराधी सरबजीत सिंह को पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। सरबजीत लखीमपुर खीरी जिले के उचौलिया थाना क्षेत्र का रहने वाला था और पिछले लगभग एक महीने से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

बिलसंडा क्षेत्र में हुई मुठभेड़

यह मुठभेड़ बिलसंडा थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव के पास देर रात हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह अपने एक साथी के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही बिलसंडा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, बदमाशों ने भागने की कोशिश की और खुद को घिरता देख पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में लगी गोली, मौके पर मौत

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सरबजीत सिंह के सीने में गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तुरंत उसे कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाद में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को अस्पताल में मृत घोषित किया गया।

Encounter in Shamli: महिला सिपाही का लुटेरा और 3 राज्यों का वांटेड ढेर, शामली एनकाउंटर से कांप उठा अपराधियों का साम्राज्य

मुठभेड़ में पुलिसकर्मी भी घायल

इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम को भी नुकसान हुआ। बिलसंडा थानाध्यक्ष जगदीप मलिक की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली जा धंसी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। वहीं एसओजी के एक दरोगा और एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

हथियार और सामग्री बरामद, कांबिंग जारी

पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि फरार दूसरे आरोपी को भी पकड़ा जा सके। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

28 मई को हुई थी व्यापारी की हत्या

यह पूरा मामला 28 मई को बिलसंडा कस्बे में हुई दिनदहाड़े हत्या से जुड़ा है। उस दिन व्यापारी पंकज कटियार को धमकाने के लिए किराए के शूटर बुलाए गए थे। दुकान के बाहर विवाद के दौरान पड़ोसी व्यापारी पप्पू गुप्ता बीच-बचाव करने पहुंचे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया था और व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया था।

UP Police Encounter: बदायूं में इनामी बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, 3 को लगी गोली, कांस्टेबल घायल

पुलिस पर कार्रवाई और जांच तेज

घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे थे क्योंकि वारदात थाने से कुछ ही दूरी पर हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक ने एक चौकी प्रभारी और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया था। इसके अलावा तत्कालीन थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर किया गया था। मामले की जांच के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई थीं।

अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार

पुलिस इस हत्याकांड में अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जांच में सामने आया है कि पूरी वारदात की साजिश पहले से रची गई थी और इसके लिए बाहर से शूटर बुलाए गए थे। मुख्य शूटर सरबजीत सिंह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था और अपनी लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। आखिरकार लंबे पीछा करने के बाद वह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।

Location :  Pilibhit

Published :  28 June 2026, 9:33 AM IST

Related News

Advertisement