Ballia News: चाची की हत्या कर भागा भतीजा, फिर झाड़ियों में छिपा बैठा था… पुलिस ने ऐसे दबोचा

बलिया के नगरा थाना क्षेत्र में कंचन देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके भतीजे ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से सिर पर वार कर चाची की हत्या की थी। वारदात के बाद वह बाइक से भाग निकला, लेकिन रास्ते में हादसे में घायल होने के बाद झाड़ियों में छिप गया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 13 August 2026, 3:17 PM IST

Ballia: बलिया के नगरा थाना क्षेत्र में चाची की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे नामजद आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू ने कंचन देवी के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया था। गंभीर चोट लगने के बाद कंचन देवी की मौत हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से बाइक लेकर फरार हो गया।

11 अगस्त को दर्ज हुआ था हत्या का मुकदमा

पुलिस के अनुसार, नगरा थाना क्षेत्र के गड़वार मोड़ पर कंचन देवी की हत्या की घटना 11 अगस्त की है। मामले में नगरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 156/2026 दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने नामजद आरोपी ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू निवासी खारी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।

झाड़ियों में छिपा था आरोपी

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी की मोटरसाइकिल झाड़ी बाबा मठ के पास सड़क किनारे खड़ी नहीं बल्कि पड़ी हुई है। इससे पुलिस को शक हुआ कि आरोपी के साथ रास्ते में कोई घटना हुई होगी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो आसपास के इलाके में तलाशी शुरू की गई। कुछ दूरी पर झाड़ियों में आरोपी घायल हालत में छिपा मिला। पुलिस के मुताबिक उसके सिर पर चोट थी।

ऐसा क्या हुआ? जो बलिया का युवक हमेशा के लिए छोड़ गया बीवी और 3 मासूम बच्चे, अब किसके भरोसे चलेगा परिवार

चाची से विवाद के बाद किया हमला

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वजह को लेकर जानकारी दी। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि कंचन देवी उसकी चाची थीं और दोनों के बीच कथित अवैध संबंध थे। आरोपी के मुताबिक इस बात की जानकारी परिवार के लोगों को हो गई थी। पुलिस के मुताबिक 11 अगस्त को आरोपी अपनी चाची को मोटरसाइकिल से गड़वार मोड़ स्थित एक क्लीनिक लेकर गया था। इसी दौरान वहां एक व्यक्ति से चाची की बातचीत को लेकर आरोपी का विवाद हो गया।

रास्ते में हुआ हादसा

चाची की हत्या करने के बाद आरोपी तेजी से मौके से निकल गया। लेकिन भागने के दौरान उसकी बाइक एक अज्ञात पिकअप से टकरा गई। इस हादसे में आरोपी भी घायल हो गया। घायल होने के बाद उसे समझ नहीं आया कि कहां जाए। वह झाड़ी बाबा मठ के पास पहुंचा और अपनी बाइक सड़क किनारे छोड़कर पास की झाड़ियों में छिप गया।

8 साल का दर्द और झूठे आश्वासन, बलिया में सड़क न बनने से भड़के ग्रामीण, दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

हत्या में इस्तेमाल रॉड, बाइक और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। बरामद सामान को जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। वहीं वारदात में शामिल बताए जा रहे अज्ञात पिकअप वाहन की भी तलाश की जा रही है, जिससे भागते समय आरोपी की बाइक टकराई थी।

न्यायालय भेजा गया आरोपी

गिरफ्तारी और मेडिकल प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इसके बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अज्ञात पिकअप वाहन और उसके चालक के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

Location :  Ballia

Published :  13 August 2026, 3:17 PM IST