हिंदी
गोला थाना क्षेत्र में सास की मौत के बाद बहू पर मायकेवालों की मदद से जेवरात और जरूरी कागजात हड़पने का आरोप लगा है। पति ने पुलिस से लेकर न्यायालय तक गुहार लगाई, जिसके बाद चार लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ। मामले ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है।
गोरखपुर न्यायालय
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। ग्राम बरईपुरा उर्फ पड़ौली में रहने वाले राहुल कुमार शुक्ला ने अपनी पत्नी गोल्डी दुबे और उसके मायकेवालों पर जेवरात और घर के जरूरी कागजात हड़पने का आरोप लगाया है। मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित राहुल कुमार शुक्ला के अनुसार, उसकी मां का निधन 6 सितंबर 2024 को हुआ था। इस सूचना के बाद उसकी पत्नी गोल्डी दुबे अपने मायके डोल छपरा (सलेमपुर, देवरिया) से ससुराल पहुंची। राहुल का कहना है कि मां के क्रियाकर्म हेतु रखे गए ₹25,000 रुपये गोल्डी ने अपने पास रख लिए और किसी को नहीं दिए।
UP News: सांसद गोरखपुर के निजी सचिव को धमकी देने वाला आरोपी पंजाब से गिरफ्तार, जनिए कैसे हुआ खुलासा
राहुल का आरोप है कि एक महीने बाद यानी 6 अक्टूबर 2024 को गोल्डी ने अपने पिता अनिल दुबे ने बताया कि भाई अमित दुबे उर्फ मकालू और बहन शिल्पी दुबे को बुलाया। चारों ने मिलकर राहुल के साथ मारपीट की और घर से वह बक्शा उठा ले गए। राहुल के अनुसार, उस बक्शे में उसकी मां के सभी जेवरात, घर के दस्तावेज और पुश्तैनी वस्तुएं रखी हुई थीं। जब उसने पत्नी से बक्शा लौटाने की बात कही, तो गोल्डी ने गालियां देने के साथ आत्महत्या की धमकी दी और कहा कि अगर ज्यादा बोले तो पूरे परिवार को फंसा दूंगी।
राहुल ने बताया कि उसने इस पूरे मामले की शिकायत पहले थाना गोला पुलिस में दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। फिर उसने पुलिस अधीक्षक (SP) गोरखपुर को लिखित शिकायत भेजी पर वहां से भी उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अंततः उसने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गोला पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए, जिसके बाद पुलिस ने बहू और उसके मायकेवालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
थाना गोला पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर गोल्डी दुबे, उसके पिता अनिल दुबे, भाई अमित दुबे उर्फ मकालू और बहन शिल्पी दुबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) (अवैध कब्जा व संपत्ति हड़पना), 352 (हमला/मारपीट), 351(3) (धमकी देना) और 316(2) (संपत्ति की चोरी या हेराफेरी) के तहत पंजीकृत किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों की भूमिका और संपत्ति के ठिकानों की जांच की जा रही है। जल्द ही सभी को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
UP News: गोरखपुर में धर्मांतरण का प्रयास विफल, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार; पढ़ें पूरी खबर
गांव के लोगों के अनुसार, राहुल और गोल्डी के परिवार के बीच संपत्ति और जेवर को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सास की मौत के बाद यह विवाद खुलकर सामने आ गया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतका के जेवर और कागजात को लेकर बहू और उसके मायकेवालों के बीच कई बार झगड़े की स्थिति बनी, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। अब जब मुकदमा दर्ज हुआ है, तो यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बन गया है।
गोला थाना पुलिस ने बताया कि यह मामला संवेदनशील पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बक्शा और उसमें रखे जेवर व कागजात कहां हैं। साथ ही, यदि आत्महत्या की धमकी के सबूत मिले तो आरोपी के खिलाफ धमकी और ब्लैकमेलिंग की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए निष्पक्ष जांच की जा रही है।”