हिंदी
बेटी ने प्रेमी के लिए मां को उतारा मौत के घाट (Img: AI Generated Image)
Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कंकरखेड़ा स्थित नटेशपुरम की रहने वाली 40 वर्षीय कविता की हत्या के मामले का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, कविता की बेटी उन्नति का दुल्हेड़ा गांव निवासी आकाश चौहान के साथ प्रेम संबंध था। कविता इस रिश्ते से खुश नहीं थी और कथित तौर पर दोनों की शादी के खिलाफ थी।
17 अगस्त की सुबह कविता घर पर नहीं मिलीं। उनके पति अरविंद ने बेटी से फोन पर पूछा तो उन्नति ने बताया कि वह अपनी मां को बरेली स्थित मनोनाधाम दर्शन कराने लेकर जा रही है। परिवार को उस समय शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर एक खौफनाक वारदात में बदलने वाला है।
पुलिस के अनुसार, आकाश कार चला रहा था और उन्नति पीछे की सीट पर अपनी मां कविता के साथ बैठी थी। रास्ते में कविता को झपकी लग गई। आरोप है कि इसी दौरान उन्नति ने चाकू से उनकी गर्दन पर हमला कर दिया। हमले के बाद आकाश ने कार को सड़क किनारे रोका। पुलिस का दावा है कि इसके बाद दोनों ने कविता की हत्या कर शव को बोरी में रखा और कार की डिग्गी में डाल दिया। फिर दोनों मंगलौर की ओर निकल गए।
ये भी पढ़ें- राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के बाद कड़ा पहरा: फेशियल रिकग्निशन से हाजिरी, 1000 कर्मचारियों पर तीसरी आंख की नजर
18 अगस्त को हरिद्वार के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर के किनारे एक महिला का शव मिला था। महिला की गर्दन पर चाकू के गहरे निशान थे। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने आसपास के थानों और सोशल मीडिया के जरिए जानकारी जुटानी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस की नजर में आई। कार की तलाश करते-करते जांच टीम मेरठ पहुंची और बुधवार को लक्सर रोड से उन्नति और आकाश को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें- रामपुर से दिल्ली तक ED की ताबड़तोड़ छापेमारी, आजम खान के जौहर ट्रस्ट में ‘ब्लैक मनी’ के सबूत मिले
पुलिस के मुताबिक, उन्नति और आकाश दिल्ली में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे थे और वहीं दोनों की मुलाकात हुई थी। कुछ दिन पहले आकाश कथित तौर पर उन्नति के घर शादी की बात करने पहुंचा था। लेकिन कविता इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थीं। पुलिस का कहना है कि इसी विरोध के बाद दोनों ने कथित तौर पर यह खौफनाक कदम उठाया। आकाश वारदात से करीब दो दिन पहले दिल्ली से अपने गांव आया था और दोस्त की कार लेकर घर से निकला था।
मामले में कविता के पति अरविंद की शिकायत पर मंगलौर कोतवाली में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार और चाकू बरामद करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
Location : Meerut
Published : 20 August 2026, 12:38 PM IST