गोरखपुर में चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा, 4 अभियुक्त गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

थाना एम्स की पुलिस ने चोरी के एक सनसनीखेज मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

गोरखपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नैय्यर के कुशल नेतृत्व में गोरखपुर पुलिस ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना एम्स की पुलिस ने चोरी के एक सनसनीखेज मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी किए गए कीमती आभूषण, लाखों रुपये की नकदी और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, बीते 3 मई 2025 को तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक घर में सेंधमारी कर आलमारी का ताला तोड़ दिया था। बदमाशों ने घर से कीमती आभूषण, जिनमें 2 हार, 2 मंगलसूत्र, 2 लेडीज चेन, 5 गोल्ड रिंग, 3 डायमंड रिंग, 3 अंगूठी और 1 ब्रेसलेट शामिल थे, के साथ-साथ बड़ी मात्रा में नकदी चुरा ली थी। इस घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना एम्स में मुकदमा संख्या 140/2025 दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और जांच के दौरान पता चला कि अभियुक्त दीपक वर्मा चोरी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त के गैरकानूनी धंधे में लिप्त था।

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

वहीं इस मामले में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के निर्देशन में थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। इस टीम ने गहन छानबीन और सूचना के आधार पर छापेमारी कर चार अभियुक्तों अनुराग राय, राज राय, विश्वबन्धु और दीपक कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से 1 चेन, 1 ब्रेसलेट, 74.170 ग्राम गलाया हुआ सोना, 4 छोटे हीरे, 3,42,200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। गिरफ्तार अभियुक्तों में अनुराग राय और राज राय डीहघाट, थाना झंगहा, गोरखपुर के निवासी हैं, जबकि विश्वबन्धु और दीपक कुमार वर्मा महादेवा बाजार, थाना सिकरीगंज, गोरखपुर के रहने वाले हैं।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 331(4), 305(ए), 317(2), 3(5) और 61 के तहत कार्रवाई शुरू की है। जांच के दौरान पुलिस ने मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी हैं और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की तलाश में भी जुटी है ताकि इस चोरी के रैकेट को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा सके।

पुलिस की ये टीम कार्रवाई में रही शामिल

इस सफल ऑपरेशन में थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा के साथ उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, अजय कुमार यादव, शैलेंद्र प्रताप सिंह, नितेश कुमार राय, प्रभात कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नैय्यर ने इस अभियान की सफलता पर पूरी टीम की सराहना की और उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 12 May 2025, 4:37 PM IST

Advertisement