Maharajganj: जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल का WhatsApp हैक, 500 लोगों से 25-25 हजार रुपये मांगने की कोशिश

महराजगंज में साइबर जालसाजों ने जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर उनके नाम से करीब 500 लोगों को 25 हजार रुपये भेजने का फर्जी संदेश भेजा। अधिकारियों की सतर्कता से ठगी की कोशिश विफल हो गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 29 July 2026, 6:37 PM IST

Maharajganj: साइबर अपराधियों ने इस बार महराजगंज के जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल को निशाना बनाते हुए उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया। इसके बाद उनके मोबाइल नंबर और प्रोफाइल का इस्तेमाल कर करीब 500 अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और परिचितों को इमरजेंसी का हवाला देते हुए 25-25 हजार रुपये की मांग वाले संदेश भेजे गए। अधिकारियों की सूझबूझ और सतर्कता के चलते साइबर ठगों की यह बड़ी साजिश नाकाम हो गई।

कई अधिकारियों तक पहुंचा संदेश

जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब दो बजे जिला विकास अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव समेत विकास भवन के कई अधिकारियों के मोबाइल पर रविकांत पटेल के नंबर से व्हाट्सएप संदेश पहुंचे। संदेश में लिखा गया कि उनका यूपीआई काम नहीं कर रहा है और उन्हें तत्काल 25 हजार रुपये की जरूरत है। संदेश सामान्य बातचीत की शैली में भेजे गए थे, जिससे कुछ लोगों को शुरुआत में लगा कि यह वास्तव में जिला पंचायत अध्यक्ष की ओर से भेजा गया है।

ये भी पढ़ें- बिजली विभाग की लापरवाही ने छीनी जान, बदायूं में लटकते हाईटेंशन तार की चपेट में आया किशोर

फोन से संपर्क करने पर हुआ खुलासा

हालांकि अधिकांश अधिकारियों ने रुपये भेजने से पहले रविकांत पटेल से सीधे फोन पर संपर्क किया। बातचीत में पता चला कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया है और उनके नाम से फर्जी संदेश भेजे जा रहे हैं। इसके बाद सभी संबंधित लोगों को तुरंत सतर्क किया गया और किसी ने भी रुपये ट्रांसफर नहीं किए।

ये भी पढ़ें- गोरखपुर के वैभव वर्मा हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, आखिर कौन है मासूम का हत्यारा बिट्टू

साइबर थाने में दी सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने साइबर थाना पुलिस को सूचना दी। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से आम लोगों से अपील की कि उनके नंबर से अगर कोई भी व्यक्ति रुपये मांगने का संदेश भेजे तो उस पर बिल्कुल भरोसा न करें और बिना पुष्टि किए किसी भी प्रकार का भुगतान न करें।

Location :  Maharajganj

Published :  29 July 2026, 6:37 PM IST