Maharajganj News: विधवा के खाते में आए 5 लाख रुपये गायब? रिश्तेदारों पर हेराफेरी का आरोप

महराजगंज के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मिले 5 लाख रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उनके पति की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद आई सहायता राशि उनके बिना जानकारी के दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी गई। मामले में पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 8 June 2026, 7:08 PM IST

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मुख्यमंत्री राहत कोष से मिली आर्थिक सहायता राशि पर कथित तौर पर हेराफेरी का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि उनके पति की मौत के बाद सरकार द्वारा जारी 5 लाख रुपये की सहायता राशि उन्हें नहीं मिली, बल्कि उनके ही करीबी रिश्तेदारों ने उसे हड़प लिया।

मामला कहां का है?

यह पूरा मामला बृजमनगंज थाना क्षेत्र के करमहवा टोला छोटकी मैनहिया गांव का है। यहां रहने वाली संजना चौधरी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके साथ आर्थिक धोखाधड़ी की गई है।

ग्राम पंचायत अधिकारी संघ महराजगंज की कमान फिर चंद्रशेखर सिंह के हाथों में, DPRO की मौजूदगी में सर्वसम्मति से बने अध्यक्ष

हादसे के बाद शुरू हुई कहानी

पीड़िता संजना चौधरी के अनुसार उनके पति मनीष चौधरी की 2 जुलाई 2022 को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में आवेदन किया गया था। इसी दौरान उनके भसुर अभिषेक चौधरी और एक अन्य व्यक्ति राहुल शर्मा ने मदद का भरोसा दिलाया और उनके बैंक दस्तावेज जैसे पासबुक, आधार कार्ड और चेकबुक अपने पास रख लिए।

कैसे हुआ कथित घोटाला?

पीड़िता का आरोप है कि महीनों तक उन्हें यही कहा जाता रहा कि राहत राशि जल्द ही उनके खाते में आ जाएगी, लेकिन जब उन्होंने बैंक जाकर जांच की तो मामला चौंकाने वाला निकला। जानकारी के मुताबिक 23 जून 2023 को मुख्यमंत्री राहत कोष की 5 लाख रुपये की राशि उनके खाते में ट्रांसफर हुई थी, लेकिन उसी दिन इस रकम का बड़ा हिस्सा अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए निकाल लिया गया। आरोप है कि पहले 9 हजार रुपये, फिर 90 हजार रुपये और अगले दिन 24 जून को 99 हजार रुपये राहुल शर्मा के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। इसके बाद शेष रकम भी अलग-अलग तरीकों से निकाल ली गई।

भारत की खाद पर नेपाल में काला कारोबार, महराजगंज में SSB और कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, तस्करों की टूटी कमर

“मुझे एक रुपया भी नहीं मिला”

संजना चौधरी का कहना है कि पूरी राशि पर दूसरों ने कब्जा कर लिया और उन्हें एक भी रुपया नहीं मिला। जब उन्होंने पैसे वापस मांगने की कोशिश की तो आरोप है कि उन्हें धमकाया गया और साफ इनकार कर दिया गया।

पुलिस से न्याय की गुहार

पीड़िता ने बृजमनगंज थाना क्षेत्र में तहरीर देकर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं और उनकी पूरी राशि वापस दिलाई जाए।

Location :  Maharajganj

Published :  8 June 2026, 7:08 PM IST