हिंदी
पहचान छिपाकर युवती को जाल में फंसाया (Img: AI Generated Image)
Lucknow: राजधानी लखनऊ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर होने वाली दोस्ती और रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि एक युवक ने इंस्टाग्राम पर फर्जी नाम से युवती से दोस्ती की, धीरे-धीरे उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया और अपनी असली पहचान व पहले से शादीशुदा होने की बात छिपाकर उसके साथ संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि बाद में उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर उसे ब्लैकमेल व मारपीट का सामना करना पड़ा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता के अनुसार करीब तीन साल पहले उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर एक युवक से हुई थी। युवक ने अपना नाम "राउडी" बताया और खुद की पहचान भी उसी नाम से कराई। बातचीत धीरे-धीरे बढ़ी और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने इस दौरान अपना असली नाम, धर्म और पारिवारिक जानकारी पूरी तरह छिपाए रखी। बाद में पता चला कि उसका असली नाम साहिल हुसैन है और वह लखनऊ के कैसरबाग क्षेत्र का रहने वाला है।
शिकायत के मुताबिक, भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने शादी का भरोसा देकर युवती के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने युवती के कुछ निजी फोटो और वीडियो भी अपने पास रख लिए। पीड़िता का आरोप है कि बाद में इन्हीं फोटो और वीडियो का इस्तेमाल उसे डराने और दबाव बनाने के लिए किया गया। जब उसने कुछ बातों का विरोध किया तो आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया।
एफआईआर के अनुसार, आरोपी ने युवती पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। जब उसने इससे इनकार किया तो कथित तौर पर निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। पीड़िता का आरोप है कि लगातार दबाव और डर के कारण उसने धर्म परिवर्तन कर लिया। इसके बाद भी कथित तौर पर प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका और आरोपी आए दिन उसके साथ मारपीट करता रहा।
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब युवती को पता चला कि साहिल पहले से शादीशुदा है। पीड़िता का कहना है कि यह बात उससे पूरी तरह छिपाई गई थी। इस जानकारी के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विरोध करने पर साहिल ने उसके साथ मारपीट की। किसी तरह वहां से निकलने के बाद युवती सीधे अमीनाबाद थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद अमीनाबाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया। अमीनाबाद थाना प्रभारी सुनील आजाद ने बताया कि शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
लखनऊ में हाल के वर्षों में शादी का झांसा देकर कथित शोषण और धर्म परिवर्तन के दबाव से जुड़े कई मामले दर्ज हो चुके हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पीड़ितों द्वारा ऐसे आरोप लगाए गए हैं, जिनकी पुलिस ने जांच की है। हालांकि हर मामले के तथ्य अलग-अलग हैं और संबंधित मामलों में कानूनी प्रक्रिया जारी है।
Location : Lucknow
Published : 27 June 2026, 4:21 PM IST