ग्राहक बनकर आए, फिर कर गए बड़ा खेल… कन्नौज में सर्राफा दुकान से जेवर उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश

कन्नौज में सर्राफा दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे लोगों ने ऐसी चाल चली कि व्यापारी को कुछ समझ नहीं आया। सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की जांच के बाद चोरी के इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 13 July 2026, 9:05 PM IST
google-preferred

Kannauj: कन्नौज में सर्राफा व्यापारी की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे शातिरों ने ऐसा खेल खेला कि दुकानदार को भनक तक नहीं लगी। ज्वेलरी देखने के बहाने बातचीत में उलझाकर लाखों रुपये के जेवर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

तालग्राम पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, घटना में इस्तेमाल बोलेरो, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।

ज्वेलरी देखने के बहाने दुकान में किया हाथ साफ

पुलिस के मुताबिक, 9 जुलाई को अमोलर स्थित पटेल ज्वैलर्स की दुकान पर दो महिलाएं और एक पुरुष ग्राहक बनकर पहुंचे थे। आरोप है कि इन लोगों ने दुकानदार से कई तरह के आभूषण दिखाने को कहा और बातचीत में इस तरह उलझाया कि चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। आरोपियों ने दुकान से सोने के टॉप्स, डबल पेंडल, कुंडल और चांदी की तोड़िया चोरी कर लीं। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।

ये भी पढ़ें- 50 लाख श्रद्धालु आने वाले हैं, क्या सब तैयार है?… नगर आयुक्त सुलोचना मीना ने श्रावणी मेले से पहले दिए अहम निर्देश

व्यापारी की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

घटना के बाद सर्राफा व्यापारी विवेक पटेल ने 12 जुलाई को तालग्राम थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को गिरोह से जुड़े कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

चार आरोपी गिरफ्तार

एसपी विनोद कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस ने हरदोई निवासी रिंकी उर्फ पिंकी, छुन्ना देवी, ऊषा और बोलेरो चालक सिराज को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, तीन मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरोह के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।

ये भी पढ़ें- सबूत है तो सामने लाओ… विधायक की FB पोस्ट पर भड़की सपा, एसपी से जांच और कार्रवाई की मांग

कई जिलों में फैला था गिरोह का नेटवर्क

पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ अलग-अलग जिलों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे पहले से दर्ज हैं। इससे पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से अलग-अलग इलाकों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Location :  Kannauj

Published :  13 July 2026, 9:05 PM IST

Advertisement