हिंदी
खूंटी में मौत बनकर दौड़ा ट्रक
Ranchi: झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार रात को भीषण सड़क हादसा हो गया। कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के पास एक बेलगाम ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया जिसमें सात लोगों की जान चली गई।
मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं, जिनमें एक 11 महीने का नवजात भी है। हादसे में एक पांच वर्षीया बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। मरने वाले सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कर्रा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को वाहनों से खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल बच्ची का इलाज जारी है। हादसे के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात को जोने-लुदरू मोड़ के समीप स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास की बस्ती के नागरिक घटनास्थल पर एकत्रित होने लगे।
लोग दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी सवार को झाड़ी से बाहर निकालने और मदद करने का प्रयास कर रहे थे। उसी समय तोरपा की दिशा से आ रहे बेकाबू ट्रक ने सड़क पर खड़े लोगों को रौंद दिया। वाहन पुलिया की दीवार तोड़ते हुए गड्ढे में जा गिरा। घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से भाग निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 10 बजे एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। दुर्घटना की आवाज सुनकर जोने-लुदरू मोड़ के समीप कॉलोनी के लोग घटनास्थल देखने के लिए सड़क पर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क में खड़े लोगों को कुचल दिया।
मृतकों में बिरसा नायक की पत्नी जयंती देवी, उनकी 20 वर्षीया बेटी अंजलि कुमारी और अंजलि का 11 माह का बेटा सौरव नायक शामिल हैं। इसके अलावा हादसे में मानहू देवी, 65 वर्षीया पाको देवी, 12 वर्षीय गोलू कुमार तथा छह वर्षीया तूती कुमारी की भी मौत हो गई। दुर्घटना में बिरसा नायक की पांच वर्षीया पुत्री खुशबू कुमारी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे उपचार के लिए खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस स्वास्थ्यकर्मियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों के जरिये खूंटी सदर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
Location : Ranchi
Published : 6 November 2026, 5:53 AM IST