हिंदी
हाथरस में JCB का पंजा बना काल (IMG: Dynamite News)
Hathras: हाथरस के थाना हाथरस गेट क्षेत्र के आदर्श नगर जोगीपुरा में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। नगर पालिका की जेसीबी की चपेट में आने से 11 वर्षीय बच्ची नेहा की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जेसीबी मृत गाय को दफनाकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान गली से गुजर रही बच्ची उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर जोगीपुरा की गली नंबर दो में रहने वाले बबलू की 11 वर्षीय बेटी नेहा किसी काम से गली से होकर जा रही थी। इसी दौरान नगर पालिका की जेसीबी वहां से वापस लौट रही थी। बताया गया कि सभासद की सूचना पर नगर पालिका की जेसीबी एक मृत गाय को दफनाने के लिए गई थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वापस लौटते समय जेसीबी का पंजा अचानक चालू हो गया। आरोप है कि इसकी चपेट में बच्ची नेहा आ गई। जेसीबी की चपेट में आने से बच्ची के सिर और छाती पर गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मासूम की मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने जेसीबी को मौके पर रोक लिया और हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी थी कि आखिर जेसीबी गली में किस तरह संचालित की जा रही थी और बच्ची इसकी चपेट में कैसे आ गई।
हाथरस में अपराधियों की पहचान का बदलेगा तरीका, अब एक फिंगरप्रिंट खोल सकता है अपराध का पुराना राज
हादसे के बाद जेसीबी चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के बाद चालक वहां से चला गया। पुलिस ने जेसीबी को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना के समय जेसीबी को कौन चला रहा था, इसकी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मासूम नेहा की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बच्ची की जिंदगी अभी शुरू ही हुई थी, उसकी अचानक हुई मौत से परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं।
Location : Hathras
Published : 13 September 2026, 8:25 PM IST