हिंदी
पति-पत्नी की मौत से हड़कंप
Mathura: उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक बार फिर रिश्तों के टूटने की खौफनाक तस्वीर सामने आई है। थाना हाईवे क्षेत्र स्थित सूर्य नगर कॉलोनी में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक घर के अंदर पति-पत्नी के शव गोली लगने की हालत में मिले। शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां पति पर पहले पत्नी की हत्या करने और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने का आरोप है। घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
यह दर्दनाक घटना मथुरा जनपद के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित सूर्य नगर कॉलोनी की है। यहां गुरुवार को स्थानीय लोगों ने अचानक गोली चलने की आवाज सुनी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर के अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए।
मृतकों की पहचान मिथुन (27) और उसकी पत्नी पोखन (23) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से दतिया-झांसी क्षेत्र के निवासी थे और पिछले कुछ समय से यहां रह रहे थे। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि घटना से कुछ दिन पहले ही पत्नी पोखन सूर्य नगर कॉलोनी में रह रही थी, जबकि मिथुन घटना वाले दिन ही वहां पहुंचा था।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तथ्यों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि घटना की परिस्थितियों को देखते हुए आशंका है कि मिथुन ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और बाद में खुद को भी गोली मार ली, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि दोनों का विवाह लगभग 4-5 साल पहले हुआ था, लेकिन शादी के बाद से ही रिश्तों में तनाव बना हुआ था। परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे और मामला धीरे-धीरे कोर्ट तक पहुंच गया था। मृतक के भाई से फोन पर हुई बातचीत में भी इस बात की पुष्टि हुई कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और मामला कानूनी प्रक्रिया में था। पुलिस का मानना है कि यही पारिवारिक तनाव इस पूरी घटना का मुख्य कारण हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मथुरा में रेलवे ट्रैक किनारे मिला 14 वर्षीय लड़के का शव, चेहरे और गले पर चोट के निशान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। इसके अलावा आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटना की पूरी कड़ी को जोड़ा जा सके।
Location : Mathura
Published : 5 June 2026, 7:31 AM IST