हिंदी
आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा
Markapuram: सुबह का वक्त था, सड़क पर सफर सामान्य चल रहा था, लेकिन कुछ ही सेकंड में सब कुछ बदल गया। एक जोरदार टक्कर, फिर आग की लपटें और उसके बाद चीख-पुकार का ऐसा मंजर, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। आंध्र प्रदेश के एक हाईवे पर हुआ यह हादसा इतना भयावह था कि बस में बैठे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई और कई जिंदगियां उसी आग में समा गईं।
यह दर्दनाक सड़क दुर्घटना प्रकाशम जिला के रायवरम इलाके के पास गुरुवार सुबह हुई। जानकारी के मुताबिक एक निजी ट्रैवल बस और टिपर लॉरी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का संतुलन बिगड़ गया और कुछ ही पलों में उसमें आग लग गई। हादसा स्लैब खदानों के पास हुआ, जहां सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है।
बांग्लादेश में बड़ा हादसा: ईद से लौट रहे थे घर… एक झटके में उजड़ गई 23 जिंदगियां, कई लापता
हादसे के बाद सबसे भयावह स्थिति तब बनी जब बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग जिंदा ही जल गए, जिससे यह हादसा और भी दर्दनाक हो गया।
इस भीषण हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
मार्कपुरम के डीएसपी हर्षवर्धन राजू ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब बस जगित्याला से कालिगिरी की ओर जा रही थी। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि टक्कर बहुत तेज थी, जिसकी वजह से बस में आग लग गई। उन्होंने यह भी कहा कि आग लगने के कारण नुकसान ज्यादा हुआ और कई लोगों को बचाने का मौका नहीं मिल पाया।
हादसे के बाद सबसे बड़ी चुनौती मृतकों की पहचान करना बन गई है। बस के पूरी तरह जल जाने के कारण कई शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और शवों की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही परिजनों को सूचना देने का काम भी जारी है।
Location : Markapuram
Published : 26 March 2026, 9:06 AM IST
Topics : Andhra Pradesh Accident bus fire bus truck collision Prakasam District News Road Accident India