
युवक की पीट-पीटकर हत्या
Maharajganj: रविवार की सुबह जो सफर दोस्ती के नाम पर शुरू हुआ, वो रात तक एक खौफनाक साजिश में बदल गया। महराजगंज के फरेंदा इलाके में एक युवक को पहले अपने साथ ले जाया गया और फिर देर रात उसकी बेरहमी से पिटाई कर मौत के घाट उतार दिया गया। नहर किनारे हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के पिपराखल्ली गांव में यह सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के बरगदवा निवासी अमजद अली को रविवार को कुछ युवक अपने साथ लेकर गए थे। बताया जा रहा है कि देर रात अटकहवा नहर के पास उसके साथ जमकर मारपीट की गई। मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि अमजद अली की मौके पर ही मौत हो गई। इस हिंसक घटना में युवराज चौधरी नाम का एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।
महराजगंज में मॉडिफाइड साइलेंसर पर एआरटीओ की नजर, चलाया जांच अभियान
मृतक अमजद अली के पिता अकबर अली ने फरेंदा थाने में तहरीर देकर जो कहानी बताई, वो किसी भी पिता के दिल को दहला देने वाली है। उनके मुताबिक, गांव का ही युवराज चौधरी रविवार सुबह करीब 11 बजे उनके बेटे को अपने साथ लेकर गया था। शाम तक सब सामान्य लग रहा था, लेकिन रात करीब 11 बजे अचानक उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग उनके बेटे के साथ मारपीट कर रहे हैं। जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां का मंजर देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उनका बेटा अमजद अली जमीन पर पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरेंदा थानाध्यक्ष योगेंद्र राय ने बताया कि इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है ताकि सच सामने आ सके।
रिकॉर्ड में डिलीवरी लेकिन हाथ खाली… महराजगंज में गैस एजेंसी पर गड़बड़ी के आरोप
फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। हालांकि, शुरुआती जांच में यह साफ है कि युवक की मौत बेरहमी से की गई पिटाई से हुई है।
Location : Maharajganj
Published : 19 April 2026, 1:36 PM IST