हिंदी
गोरखपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पीपीगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक पीपीगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सर्विलांस सेल और एंटी थेफ्ट सेल के सहयोग से छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल, नौ पीली धातु के आभूषण (जिनमें एक नाक की कील, दो कान की पट्टियां, चार कान के टॉप्स और दो टूटे हुए टॉप्स शामिल हैं), 1810 रुपये नकद, और एक लाल रंग के बैग में दो लोहे के सब्बल बरामद किए गए। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 1.25 लाख रुपये है।
डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोनू भारती, झिनक, बब्लू वर्मा, अजय यादव, जवाहिर, और बब्लू उर्फ शेर बहादुर के रूप में हुई है। इनमें से मोनू भारती का आपराधिक इतिहास सबसे लंबा है, जिसके खिलाफ गोरखपुर और महाराजगंज जिलों में गैंगस्टर एक्ट, चोरी, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित कुल 14 मामले दर्ज हैं। बब्लू वर्मा के खिलाफ तीन, जवाहिर के खिलाफ तीन, और बब्लू उर्फ शेर बहादुर के खिलाफ एक गंभीर मामला दर्ज है, जिसमें हत्या और डकैती जैसे आरोप शामिल हैं। अजय यादव और झिनक के खिलाफ भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता सामने आई है।
इस कार्रवाई के आधार पर थाना पीपीगंज में मुकदमा संख्या 258/2025 के तहत धारा 317(2), 317(4), 318(4), और 338 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों से पूछताछ जारी है, और उनके द्वारा की गई अन्य चोरियों का खुलासा होने की संभावना है। यह कार्रवाई उपनिरीक्षक अजीत कुमार यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई, जिसमें उपनिरीक्षक गौरव तिवारी, मनीष राज, राजकुमार, गौरव मिश्रा, सचिन सिंह, और सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल अरुण यादव और मनोज चौरसिया सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने इस सफलता पर पुलिस टीम की सराहना की और कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। जनता से भी अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराधियों पर और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Location : Gorakhpur
Published : 21 July 2025, 6:46 PM IST