Gorakhpur: घर से निकला था रोज की तरह, उदईपुर मोड़ पर एक टक्कर ने जिंदगी बदल दी

गोरखपुर के गोला क्षेत्र में उदईपुर मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में चालक रमाकांत दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है।

Gorakhpur: जिले के गोला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। गोला-बड़हलगंज मार्ग स्थित उदईपुर मोड़ पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

उदईपुर मोड़ पर हुआ भीषण हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्राम मेहदराव निवासी 44 वर्षीय रमाकांत दुबे गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपने ई-रिक्शा से गोला की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह उदईपुर मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे बिना छतरी वाले तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनके वाहन में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक रमाकांत दुबे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायल चालक को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

स्थानीय लोगों ने उठाई सुरक्षा की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि उदईपुर मोड़ पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह स्थान दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। लोगों ने यहां स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत और नियमित पुलिस निगरानी की मांग की है।

जंतर-मंतर धरने से लौटते ही प्रोफेसर पर कार्रवाई, बिना नोटिस सेवा से हटाने का आरोप, डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के आधार पर फरार ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Location :  Gorakhpur

Published :  23 July 2026, 2:58 PM IST

Advertisement