बड़ी खबर: गोरखपुर में बच्ची के अपहरण और हत्या के आरोपी पुलिस कॉन्स्टेबल का हाफ एनकाउंटर

गोरखपुर में नाबालिग बच्ची के अपहरण और हत्या के आरोपी यूपी-112 के कॉन्स्टेबल अभिषेक यादव का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया। पुलिस के अनुसार बरामदगी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 30 July 2026, 10:53 AM IST
google-preferred

Gorakhpur: गोरखपुर में नाबालिग बच्ची के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और यूपी-112 में तैनात कॉन्स्टेबल अभिषेक यादव का हाफ एनकाउंटर कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को पूछताछ के बाद घटना से जुड़े साक्ष्य और शव की बरामदगी के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर हमला कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामदगी के दौरान भागने की कोशिश

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही थी। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर उसे उन स्थानों पर ले जाया गया, जहां घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की संभावना थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि आरोपी की हरकत से पुलिस टीम की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो गया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती

जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे तत्काल पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची थी पुलिस

इस मामले में पुलिस ने सबसे पहले आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी। फुटेज में आरोपी नाबालिग बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया था। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। एसएसपी पहले ही इस मामले में अपहरण और हत्या का खुलासा कर चुके हैं।

पहले भी विवादों में रहा था आरोपी

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अभिषेक यादव पहले एक आपराधिक मामले में निलंबित रह चुका था। बाद में उसकी बहाली कर उसे यूपी-112 में तैनात किया गया। इस घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल उठने लगे हैं।

CCTV में कैद हुआ आखिरी सफर… नाबालिग के साथ दिखा सिपाही, फिर खुल गया दिल दहला देने वाला राज

जांच जारी, कई पहलुओं की पड़ताल

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। फोरेंसिक टीम, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस जघन्य वारदात से जुड़े हर पहलू की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Location :  Gorakhpur

Published :  30 July 2026, 10:47 AM IST

Advertisement