बदायूं में आग का कहर: पूरा गांव राख, दूसरे गांव तक फैली लपटें, मचा हाहाकार

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में उसहैत क्षेत्र के प्रेमी नगला गांव में लगी भीषण आग ने पूरे गांव को राख में बदल दिया। तेज हवा के चलते आग पास के जटा गांव तक फैल गई। कई घर जल गए, लोग बेघर हो गए और प्रशासन राहत कार्य में जुटा है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 21 April 2026, 3:23 PM IST
google-preferred

Badaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में मंगलवार का दिन भयावह मंजर लेकर आया। उसहैत थाना क्षेत्र के प्रेमी नगला गांव में अचानक भड़की आग ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरा गांव देखते ही देखते राख के ढेर में तब्दील हो गया। चारों तरफ चीख-पुकार, आसमान में उठता काला धुआं और बेकाबू लपटों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। आग इतनी विकराल थी कि पास का जटा गांव भी इसकी चपेट में आ गया, जहां देर तक आग की लपटें उठती रहीं।

कैसे भड़की आग और मिनटों में फैल गई तबाही

ग्रामीणों के मुताबिक दोपहर के समय गांव के एक छोर से अचानक आग भड़की। उस वक्त चल रही तेज पछुआ हवा ने आग को और खतरनाक बना दिया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे गांव को अपनी गिरफ्त में ले लिया। खेतों में पड़ी गेहूं की नरई और भूसा आग के लिए ईंधन साबित हुआ। छप्पर के मकान, झोपड़ियां और यहां तक कि पक्के घरों में रखा सामान भी देखते ही देखते जलकर राख हो गया। किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

बदायूं में सियासी वार: महिला आरक्षण बिल पर गरजे धर्मेंद्र यादव, भाजपा को लेकर कही ये बड़ी बात

दमकल विभाग बेबस, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा, लेकिन आग का रौद्र रूप देखकर हालात काबू से बाहर नजर आए। सबसे बड़ी समस्या यह रही कि खेतों तक जाने का रास्ता नहीं था, जिससे फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाला। पंपिंग सेट और ट्यूबवेल के जरिए घंटों तक पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि पूरी तरह काबू पाना मुश्किल साबित हुआ।

भारी नुकसान, लोग हुए बेघर

इस भीषण अग्निकांड में प्रेमी नगला गांव लगभग पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घरों में रखा अनाज, कपड़े और जरूरी सामान सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया। कई परिवारों के पास अब कुछ भी नहीं बचा। दो युवकों के आग में झुलसने की सूचना भी सामने आई है, जबकि एक मवेशी की जलकर मौत हो गई। सबसे दर्दनाक बात यह है कि पूरे गांव के लोग अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।

बदायूं में सियासी वार: महिला आरक्षण बिल पर गरजे धर्मेंद्र यादव, भाजपा को लेकर कही ये बड़ी बात

प्रशासन मौके पर, राहत कार्य शुरू

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत हरकत में आया। एसडीएम दातागंज और तहसीलदार राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत के तौर पर खाने के पैकेट बांटे जा रहे हैं। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और प्रभावित लोगों को हर संभव आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिया है।

Location :  Badaun

Published :  21 April 2026, 3:23 PM IST

Advertisement