फतेहपुर: संपत्ति के लालच में रिश्तों का कत्ल! पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने विधवा और बेटियों को ही पहचानने से किया इनकार

फतेहपुर के औग थाना क्षेत्र का मामला; पीड़िता का आरोप कि संपत्ति हड़पने के लिए रचा गया षड्यंत्र, पुलिस से कार्रवाई की मांग। पीड़ित महिला पिंकी देवी के अनुसार उसके पति राजेश सिंह की 7 मार्च को मौत हो गई थी। पति की अचानक मौत के बाद वह अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाई थी कि ससुराल पक्ष ने उसके खिलाफ साजिश शुरू कर दी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 16 March 2026, 4:41 PM IST
google-preferred

Fatehpur: फतेहपुर जिले में एक महिला अपने दो मासूम बेटियों के साथ इंसाफ की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंची। महिला का आरोप है कि उसके पति की मौत के बाद ससुराल पक्ष ने उसे और उसकी दोनों बेटियों को घर से बेदखल करने की साजिश रच दी है। इतना ही नहीं, संपत्ति पर कब्जा करने के लिए मृतक पति को अविवाहित दिखाने की कोशिश की जा रही है।

यह मामला औग थाना क्षेत्र के रावतपुर गांव का बताया जा रहा है। पीड़ित महिला पिंकी देवी के अनुसार उसके पति राजेश सिंह की 7 मार्च को मौत हो गई थी। पति की अचानक मौत के बाद वह अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाई थी कि ससुराल पक्ष ने उसके खिलाफ साजिश शुरू कर दी।

‘अविवाहित दिखाकर संपत्ति हड़पने की कोशिश’

महिला का आरोप है कि उसके ससुराल वाले राजेश सिंह को अविवाहित बताकर उसे और उसकी दोनों बेटियों को घर और संपत्ति से बेदखल करना चाहते हैं। पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस मामले में स्थानीय थाने से मदद मांगने की कोशिश की तो उसे कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं मिली।

गुलाबी गैंग की फतेहपुर पुलिस को चेतावनी, कहा- 96 घंटे में ये काम नहीं हुआ तो…

एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता

न्याय न मिलने से परेशान पिंकी देवी आखिरकार अपनी दोनों बेटियों के साथ एसपी कार्यालय पहुंच गई और पूरे मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की। एसपी कार्यालय से महिला को भरोसा दिलाया गया है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

बेटियों ने भी लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता की बेटियों ने भी परिवार के अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके पिता पहले ही परिवार से अलग होकर रह रहे थे और चाचा अक्सर कहते थे कि उनका उनके पिता से कोई संबंध नहीं है। बेटियों के अनुसार, अब पिता की मौत के बाद उनकी दादी ने सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में कल्यानपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है, जिसमें उनकी मां और दोनों बहनों को पूरी तरह नजरअंदाज करते हुए उनके पिता को अविवाहित बताया गया है।

फतेहपुर में अफरा-तफरी: दसवां मील के पास जोरदार धमाका जैसी आवाज… फिर सामने आया ये नजारा

कार्रवाई की मांग

पीड़िता और उसकी बेटियों का आरोप है कि यह सब संपत्ति और खेतों पर कब्जा करने के लिए सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 16 March 2026, 4:41 PM IST

Advertisement