दिल्ली में आधी रात को हुई अंधाधुंध फायरिंग: बाल-बाल बचा कांस्टेबल, गैंग लीडर चीनू को लगी गोली

दिल्ली से बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली के पटेल नगर में शादीपुर फ्लाईओवर के पास पुलिस और शातिर गैंगस्टर प्रकाश उर्फ आकाश उर्फ चीनू के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाश की गोली कॉन्स्टेबल मुकुल के करीब से निकल गई। जवाबी फायरिंग में आरोपी के सीधे पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके पास से अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी पर हत्या, लूट और हत्या की कोशिश समेत 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 13 November 2026, 12:11 PM IST
google-preferred

New Delhi: दिल्ली में आधी रात पुलिस और एक शातिर गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हो गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली कॉन्स्टेबल मुकुल के बेहद करीब से निकल गई और उनकी जान बाल-बाल बची। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गैंगस्टर के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रकाश उर्फ आकाश उर्फ चीनू के रूप में हुई है। वह हत्या, लूट और हत्या की कोशिश समेत 15 आपराधिक मामलों में वांछित था।

शादीपुर फ्लाईओवर के पास हुई गोलीबारी

दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने बताया कि 12 और 13 नवंबर की दरमियानी रात पटेल नगर इलाके में यह मुठभेड़ हुई। पुलिस की टीम वांछित गैंगस्टर प्रकाश को पकड़ने के लिए शादीपुर फ्लाईओवर के पास पहुंची थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोली चला दी। बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में एक गोली कॉन्स्टेबल मुकुल के बेहद करीब से गुजर गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली प्रकाश के दाहिने पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

मुठभेड़ के बाद जांच करती पुलिस टीम (IMG Credit: X)

मुठभेड़ के बाद जांच करती पुलिस टीम (IMG Credit: X)

अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय प्रकाश नबी करीम थाने का घोषित अपराधी और हिस्ट्रीशीटर है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसे गिरफ्तार करने के लिए अदालत की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 84 के तहत भी कार्रवाई शुरू की गई थी।

शोभायात्रा में हिंसा के बाद पुलिस को थी तलाश

पुलिस प्रकाश उर्फ चीनू की तलाश 13 सितंबर को हुई हिंसक घटना के सिलसिले में कर रही थी। उस दिन बाबा रामदेव जी की शोभायात्रा के दौरान प्रकाश के गिरोह और उसके विरोधी विकास कालिया गिरोह के बीच विवाद हो गया था। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच हुई कहासुनी जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। इसके बाद दोनों गुटों के बीच पथराव, मारपीट और गोलीबारी हुई थी। घटना को लेकर नबी करीम थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। इस हिंसा के कारण सदर बाजार और नबी करीम इलाके में कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर हो गई थी।

हत्या और लूट समेत 15 मामलों में आरोपी

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रकाश के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसे इलाके में सक्रिय आपराधिक गिरोह के प्रमुख सदस्यों में से एक मानती है। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह की गतिविधियों, उसके अन्य सदस्यों और आपराधिक वारदातों से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हाशिम बाबा गैंग के शूटर शिवम को भी गिरफ्तार किया था।

Location :  New Delhi

Published :  13 November 2026, 12:11 PM IST

Advertisement