पहले कहासुनी, फिर मारपीट और मौत… बस्ती में गोबर फेंकने के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़

बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र में रास्ते को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को हिंसक हो गया। कहासुनी के बाद दो पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें ई-रिक्शा चालक फूलचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 25 August 2026, 2:22 PM IST

Basti: बस्ती में रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद कब खूनी संघर्ष में बदल गया, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। सोमवार को कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ा कि ई-रिक्शा चालक फूलचंद की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

रास्ते के विवाद में बढ़ी बात

मामला छावनी थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़धरा तिवारी का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में दोनों ओर से कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने फूलचंद के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

बस्ती में ऐसा क्या हुआ की सुबह-सुबह मचा हड़कंप, कई लोग पहुंचे अस्पताल

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

मारपीट के बाद फूलचंद की हालत गंभीर हो गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फूलचंद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

गोबर फेंकने को लेकर भी सामने आया विवाद

पुलिस के मुताबिक घटना गोबर फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी से जुड़ी बताई जा रही है। क्षेत्राधिकारी हरैया स्वर्णिमा सिंह ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

बस्ती में घेराबंदी देखते ही गोवंश तस्कर ने निकाला तमंचा, फिर चली गोलियां, जवाबी कार्रवाई में…

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए तथ्यों और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों में मचा कोहराम

फूलचंद की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि मामूली विवाद को लेकर फूलचंद के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके कारण उनकी जान चली गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Location :  Basti

Published :  25 August 2026, 2:22 PM IST