हिंदी
यातायात व्यवस्था पर असर (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया नगर पालिका क्षेत्र में आवारा पशुओं का जमावड़ा लगातार गंभीर समस्या बनता जा रहा है। शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर दिनभर सड़क के बीचों-बीच बैठे पशु यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शहर के मुख्य बाजारों, रेलवे स्टेशन, कोतवाली रोड, मेडिकल कॉलेज रोड और अन्य प्रमुख स्थानों पर दर्जनों की संख्या में आवारा पशु खुलेआम घूमते रहते हैं। कई बार ये पशु सड़क के बीचों-बीच बैठ जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
लोगों का कहना है कि कई दोपहिया वाहन चालक इन पशुओं से टकराकर घायल भी हो चुके हैं। रात के समय दृश्यता कम होने के कारण दुर्घटना का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। स्थानीय नागरिकों ने इसे गंभीर सुरक्षा समस्या बताया है।
व्यापारियों और राहगीरों का आरोप है कि नगर निकाय द्वारा आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित है। जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल ही में पिडरा गांव में एक किसान को आवारा पशु ने पटक दिया था, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और विरोध प्रदर्शन भी हुआ था, लेकिन समस्या अभी भी जस की तस बनी हुई है।
कासगंज में बरपा प्रकृति का कहर, पति-पत्नी समेत 3 की मौत, 3 बच्चे गंभीर; जानिये कैसे हुआ हादसा
नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि आवारा पशुओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर शहर को सुरक्षित बनाया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
Location : Deoria, Uttar Pradesh
Published : 13 June 2026, 1:39 PM IST