हिंदी
घटनास्थल पर पहुंचे DM प्रणय सिंह और SP कासगंज (Img: Dynamite News)
Kasganj: कासगंज जनपद में शनिवार तड़के आई तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। सिढ़पुरा ब्लॉक के ग्राम शेखूपुरा में सुबह करीब 4 बजे एक मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसके नीचे दबकर एक दंपत्ति और उनकी चार वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में परिवार के तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज आंधी और लगातार हो रही बारिश के कारण मकान का लेंटर कमजोर होकर अचानक ढह गया। हादसे के समय पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। लेंटर गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।
मलबा हटाने के बाद वीरभान पुत्र भगवान सिंह (35 वर्ष), उनकी पत्नी नीलम (33 वर्ष) और चार वर्षीय बेटी काव्या के शव बरामद किए गए। चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल मोहिनी (10 वर्ष), काजल (12 वर्ष) और सूरज (8 वर्ष) को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों बच्चों की हालत अब स्थिर बनी हुई है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही कासगंज के जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हालचाल भी जाना तथा चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
बिजली बिल में अचानक कम हो सकती है रकम! जून में मिलने जा रहा है ऐसा फायदा, जिसे कई लोग नहीं जानते
जिलाधिकारी ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण यह दुखद हादसा हुआ है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। एक टीम परिवार के तात्कालिक जीवन-यापन की व्यवस्था में जुटी हुई है, जबकि दूसरी टीम अस्पताल में घायलों की देखभाल कर रही है। शासन स्तर से मिलने वाली आर्थिक सहायता की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
Location : Kasganj
Published : 13 June 2026, 12:27 PM IST