हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
New Delhi: दिल्ली के नांगलोई इलाके में स्कूल जा रहे 15 साल के छात्र की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्र पर हमला उस वक्त किया गया, जब वह अपने दोस्तों और स्कूल की एक छात्रा के साथ जा रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी एक छात्रा से मृतक की दोस्ती को लेकर उससे सवाल कर रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और बाद में चाकू से हमला कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान नांगलोई निवासी ध्रुव के रूप में हुई है। वह 9वीं कक्षा का छात्र था। 3 सितंबर की दोपहर करीब 1:51 बजे नांगलोई थाना पुलिस को सोनिया अस्पताल से सूचना मिली कि चाकू लगने से घायल एक 15 वर्षीय लड़का अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची। ध्रुव की दाहिनी जांघ पर चाकू का गहरा घाव था। इलाज के दौरान ज्यादा खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई।
जांच में पुलिस को पता चला कि घटना के समय ध्रुव अपने दोस्तों और स्कूल की एक छात्रा के साथ स्कूल जा रहा था। इसी दौरान तीन लड़कों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने छात्रा से ध्रुव के साथ उसकी दोस्ती को लेकर सवाल किए।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। इसके बाद ध्रुव और उसके दोस्त वहां से घर की तरफ लौटने लगे।
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। पुलिस जांच के मुताबिक करीब 15-20 मिनट बाद वही तीन लड़के दोबारा ध्रुव और उसके साथियों के सामने आ गए। लड़की के साथ दोस्ती को लेकर एक बार फिर विवाद शुरू हो गया।
इसी दौरान आरोपियों में से एक ने चाकू निकालकर ध्रुव की जांघ पर वार कर दिया। हमला करने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल ध्रुव को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
“लापरवाही की तो खैर नहीं!” नौतनवा में DM-SP का कड़ा फरमान; जनसुनवाई में ढिलाई पर सीधे नपेंगे अधिकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए जांच की और घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया।
फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी वजह तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। नाबालिग छात्र की हत्या ने दिल्ली में स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : New Delhi
Published : 5 September 2026, 3:01 PM IST