‘मुझे कोई अफसोस नहीं…’ दिल्ली में मासूम के साथ पहले रेप फिर हत्या करने वाले दरिंदे का वो सच, जिसे सुन पुलिस भी कांप उठी

साउथ दिल्ली में फुटपाथ पर सो रही 11 साल की बच्ची का कैब ड्राइवर ने अपहरण कर रेप और हत्या कर दी। शव जंगल में फेंक दिया। गिरफ्तारी के बाद सीन रिक्रिएशन के दौरान इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर भाग रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में पैर में गोली मारकर दोबारा दबोच लिया।

Updated : 24 June 2026, 8:34 AM IST
google-preferred

New Delhi: साउथ दिल्ली से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां फुटपाथ पर अपने परिवार के साथ सो रही 11 साल की एक मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ता कोई और नहीं, बल्कि एक कैब ड्राइवर था, जिसने न सिर्फ बच्ची को अगवा किया बल्कि उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बच्ची के शव को गुड़गांव-फरीदाबाद रोड पर स्थित एक जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो कि मूल रूप से बिहार का रहने वाला है।

सीन रिक्रिएशन के दौरान भागने की कोशिश, पैर में लगी गोली

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस टीम आरोपी को वारदात का रिक्रिएशन कराने के लिए घटनास्थल पर ले जा रही थी, तो उसने भागने की खतरनाक कोशिश की। आरोपी ने जांच अधिकारी (इंस्पेक्टर) की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा और जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में जा लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे दोबारा काबू में ले लिया।

Delhi Crime: दिल्ली के सड़क पर झगड़े के मामले में व्यक्ति की पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

गुमराह करता रहा आरोपी, कड़ी पूछताछ में कबूला गुनाह

साउथ दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूरे दिन गहन पूछताछ की गई। शुरुआती दौर में वह लगातार अपने बयान बदलता रहा और पुलिस जांच को गुमराह करने की कोशिशों में जुटा रहा। हालांकि, जब पुलिस ने सख्ती दिखाई और कड़ी पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने फुटपाथ पर सो रही बच्ची को निशाना बनाया, उसे अगवा कर गुड़गांव की ओर ले गया और रास्ते में मांडी रोड के पास एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोपी का आपराधिक इतिहास: दर्ज हैं पांच मामले

पुलिस जांच में आरोपी के बारे में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी का पहले से ही एक बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ बिहार में पहले से ही पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें से दो मुकदमे हत्या की कोशिश के हैं।

अपराध का कोई अफसोस नहीं: पूछताछ के दौरान आरोपी के चेहरे पर शिकन तक नहीं थी। उसने पुलिस को बताया कि उसे इस घिनौने अपराध को करने का कोई अफसोस नहीं है। वहीं, उसके परिवार के लोगों ने भी पुष्टि की है कि वह काफी उग्र स्वभाव का था।

Delhi Crime: कालकाजी में चुन्नी-प्रसाद को लेकर हुआ विवाद, सेवादार की पीट-पीटकर हत्या

ऑनलाइन कंपनियों और सुरक्षा पर उठे सवाल

इस खौफनाक वारदात के बाद अब पुलिस प्रशासन भी कड़े कदम उठा रहा है। जांच से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अब उन ऑनलाइन कैब कंपनियों से संपर्क साधेगी, जिन्होंने बिना उचित वेरिफिकेशन (सत्यापन) के आरोपी को राइड दी। इसके साथ ही, पुलिस विभाग इस बात की भी गंभीरता से जांच कर रहा है कि आरोपी ने पुलिस हिरासत में होने के बावजूद जांच अधिकारी की पिस्टल कैसे छीन ली, ताकि भविष्य में ऐसी चूक न हो।

Location :  New Delhi

Published :  24 June 2026, 8:26 AM IST

Related News

Advertisement