हिंदी
जिले में दबंगों के हौसलें इस कदर बुलंद हो गए है कि अब उनमें खाकी को खौफ बिल्कुल नहीं रहा। दरअसल कुछ दबंगों ने सरेआम रोककर एक युवक की जमकर पिटाई कर दी।
दबंगों ने ग्रामीण डाक सेवक को पीटा
Kannauj News: कन्नौज जिले के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के ईशन नदी के पास बुधवार शाम एक गंभीर घटना सामने आई, जिसमें दबंगों ने एक ग्रामीण डाक सेवक को ऑटो से उतारकर बेरहमी से पीट दिया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों की संख्या दो से तीन बताई जा रही है, जिन्होंने पहले से योजना बनाकर घटना को अंजाम दिया।
ऑटो में बैठकर घर जा रहा था डाक सेवक
घटना के समय पीड़ित डाक सेवक अपनी ड्यूटी खत्म कर उमर्दा डाकघर से घर लौट रहा था। वह एक ऑटो में सवार था, तभी ईशन नदी के पास कुछ दबंगों ने ऑटो रुकवाया और जबरदस्ती उसे नीचे उतार लिया। इसके बाद सरेराह उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
जान से मारने की दी धमकी
पीड़ित डाक सेवक ने तिर्वा कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि हमलावरों ने न केवल उसे पीटा, बल्कि गंभीर धमकियां भी दीं। उनका कहना है कि दबंगों ने कहा कि अगर वह दोबारा इस रास्ते से निकला या पुलिस में शिकायत की, तो जान से मार देंगे। इससे डाक सेवक और उसके परिवार में दहशत का माहौल है।
उमर्दा डाकघर में तैनात है पीड़ित
डाक सेवक की पहचान उमर्दा डाकघर में तैनात कर्मचारी के रूप में हुई है। वह लंबे समय से इस क्षेत्र में डाक वितरण का कार्य कर रहा है। डाक विभाग के सहकर्मियों ने इस हमले की निंदा करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित की तहरीर मिलने के बाद तिर्वा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।
ईशन नदी क्षेत्र में बढ़ते घटनाक्रम से ग्रामीणों में आक्रोश
ईशन नदी के पास यह कोई पहली घटना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी मारपीट और दबंगई की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस ताजा घटना से इलाके में दहशत और नाराजगी दोनों फैली हुई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में नियमित गश्त और सख्ती की मांग की है।