
maharajganj news
Maharajganj: महराजगंज पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एटीएम बदलकर लोगों के खाते से रुपये निकालने वाले अंतरजनपदीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन अशोक मुथा जैन (IPS) एवं पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर रेंज एस. चनप्पा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गीतम के पर्यवेक्षण में थाना श्यामदेउरवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त प्रदीप कुमार पासवान पुत्र मंगरू पासवान एवं संदीप पासवान पुत्र रामनरेश पासवान निवासी ग्राम मोहरीपुर थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में उ0नि0 रामानुज यादव, उ0नि0 अंजनी कुमार, हे0का0 भीमल यादव, हे0का0 प्रमोद यादव व कांस्टेबल सोनू सिंह यादव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पिपरपाती क्षेत्र से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के एटीएम कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महराजगंज, गोरखपुर और कुशीनगर में भोले-भाले लोगों को एटीएम से पैसा निकालने में मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लेते थे और बाद में खाते से रुपये निकाल लेते थे।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया था। त्रिनेत्र और यक्ष एप की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। पुलिस ने बरामद सामान की वादी मुकदमा से शिनाख्त भी कराई है।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 123/2026 एवं 129/2026 के तहत धारा 318(4), 303(2), 317(2), 317(4) बीएनएस में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 7 May 2026, 5:22 PM IST