‘जूते से मारूंगा’ इंस्पेक्टर की दबंगई से कांपा गरीब! रोजी-रोटी छिनने के सदमे में गिरा टेंपो चालक, लड़ रहा जिंदगी की जंग

मंडी समिति के पास ट्रैफिक चेकिंग के दौरान टेंपो चालक और पुलिस के बीच विवाद हो गया। चालक ने इंस्पेक्टर पर गाली-गलौज और जूते से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। इसके बाद आवेदन लिखते समय उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 10 September 2026, 4:37 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में तैनात ट्रैफिक इंस्पेक्टर पर एक गरीब टेंपो चालक के साथ गाली-गलौज करने और जूते से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगा है। इंस्पेक्टर की प्रताड़ना और दहशत से टेंपो चालक की तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

मंडी समिति के पास रोका था टेंपो

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मंडी समिति के निकट की है। पीड़ित टेंपो चालक अपने रोजमर्रा के रूट पर सवारियां लेकर जा रहा था। आरोप है कि वहां तैनात ट्रैफिक इंस्पेक्टर मनोज कुमार वर्मा ने उसे रोका और कागजात के नाम पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि इंस्पेक्टर यहीं नहीं रुके, उन्होंने जूते से मारने की धमकी दी और टेंपो को सीज करने की बात कही। इसके बाद टेंपो को जबरन कब्जे में लेकर पुलिस लाइन भिजवा दिया गया।

बदायूं में जाम से बेहाल पुलिस लाइन चौराहा, डग्गामार वाहनों के बीच टेंपो चालक ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर पर लगाए आरोप

दहशत में इधर-उधर भटकता रहा चालक

टेंपो ही गरीब चालक के परिवार की रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा है। टेंपो पकड़े जाने के बाद से चालक बेहद परेशान और डरा-सहमा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह काफी देर तक ट्रैफिक पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन के चक्कर काटता रहा और इधर-उधर भटकता रहा।

जब चालक ने अपना टेंपो छोड़ने की गुहार लगाई तो आरोप है कि उस पर जबरन एक एप्लीकेशन लिखने का दबाव बनाया गया।

बदायूं: अलापुर में पुलिस और गौ-तस्कर के बीच मुठभेड़, वांछित आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली, हेड कांस्टेबल घायल

एप्लीकेशन लिखते समय बिगड़ी हालत

बताया जा रहा है कि ट्रैफिक पुलिस कार्यालय में एप्लीकेशन लिखते समय अचानक टेंपो चालक की हालत बिगड़ने लगी। वह घबराहट और बेचैनी के कारण वहीं गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दी और उसे आनन-फानन में इलाज के लिए बदायूं जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद से स्थानीय टेंपो चालकों में ट्रैफिक पुलिस के रवैये को लेकर भारी आक्रोश है। चालकों का कहना है कि चेकिंग के नाम पर उनके साथ आए दिन दुर्व्यवहार किया जाता है।

फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस के आला अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Location :  Budaun

Published :  10 September 2026, 4:37 PM IST

Related News

Advertisement