जिसे दोस्त समझकर साथ गया, वही बन गए मौत के सौदागर… यूकेलिप्टस के बाग में रची गई खौफनाक साजिश

बलरामपुर में एक व्यक्ति की लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। दोस्ती, पुरानी रंजिश और सुनसान बाग में रची गई साजिश का यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। आखिर हत्या की पूरी प्लानिंग कैसे हुई।

Balrampur: जिले के श्रीदत्तगंज क्षेत्र में मिले एक शव ने दो दिन पहले पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। यूकेलिप्टस के शांत बाग में खून से लथपथ मिले युवक की मौत रहस्य बनी हुई थी। परिजनों के सवालों और लोगों की बढ़ती बेचैनी के बीच पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस कत्ल की गुत्थी सुलझा दी है। पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

लापता होने के बाद मिला था शव

मामले की शुरुआत तब हुई जब कय्यूम नामक व्यक्ति ने अपने भाई राजू उर्फ मोहम्मद हुसैन के लापता होने की सूचना दी। परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि बजाज चीनी मिल के पास स्थित एक यूकेलिप्टस के बाग में उसका शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वारों के निशान मिले, जिससे साफ हो गया कि यह कोई सामान्य घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी।

पुलिस ने बनाई विशेष टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल विशेष जांच टीम गठित की। थानाध्यक्ष अविरल शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर छह संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में धीरे-धीरे पूरी साजिश सामने आ गई।

ऑफिस है या जेल? लंच ब्रेक में सिर्फ 1 मिनट की देरी पर मिलेगी ये सजा, Viral नोटिस देख भड़के नौकरीपेशा लोग

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

गिरफ्तार आरोपियों में अरमान, समीर, सलमान, हमदान और उनके अन्य साथी शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि कुछ समय पहले मृतक राजू का उनके भाई रहमान से विवाद हुआ था। उस दौरान मारपीट भी हुई थी। आरोपी इस घटना को लेकर अंदर ही अंदर बदले की भावना रखते थे। मुंबई से लौटने के बाद उन्होंने राजू को सबक सिखाने की योजना बनाई और फिर उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।

शराब के बहाने बुलाया

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले राजू को शराब पीने के बहाने अपने साथ बुलाया। इसके बाद उसे चीनी मिल के पास स्थित सुनसान यूकेलिप्टस के बाग में ले जाया गया। वहां उसे काफी मात्रा में शराब पिलाई गई। जब वह नशे में पूरी तरह बेसुध हो गया, तब आरोपियों ने धारदार रामपुरी चाकू से उस पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

‘अगले साल दुल्हन बनाकर घर लाऊंगा’… जानें कैसे लखनऊ अग्निकांड में खत्म हो गई नीलेश-अनामिका की अधूरी प्रेम कहानी

हत्या के बाद आरोपी शव को वहीं छोड़कर फरार हो गए ताकि मामला दुर्घटना या किसी अज्ञात घटना जैसा लगे।

हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया रामपुरी चाकू भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच की मदद से मामले का जल्द खुलासा संभव हो सका।

Location :  Balrampur

Published :  23 June 2026, 3:36 PM IST

Advertisement