जमीन के लिए ले ली भाई की जान: अमेठी हत्याकांड का खुलासा, सगे भाई समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

अमेठी में मिले रामकरन के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है और खुलासे में ऐसा सच सामने आया जिसने सभी को चौंका दिया। जांच में हत्या की वजह परिवार के भीतर का पुराना विवाद निकला। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 21 July 2026, 6:33 PM IST

Amethi: अमेठी जिले में हुए चर्चित रामकरन हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक इस हत्या के पीछे कोई बाहरी दुश्मनी नहीं, बल्कि सगे भाइयों के बीच चल रहा जमीन का विवाद था। मामले में मृतक के भाई, उसके बेटे और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और टूटी हुई हॉकी भी बरामद की है।

यह सनसनीखेज वारदात मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के भद्दौर गांव की है, जहां सोमवार सुबह गांव के बाहर रामकरन का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचे आरोपी

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर मुसाफिरखाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गया प्रसाद चौहान, उसके बेटे दीपक चौहान और विरई उर्फ तेजवीर सरोज के रूप में हुई है।

साहब! कागजी पचड़े बंद करो, किसानों को खाद दो; देवरिया में भाकियू का जोरदार प्रदर्शन, उठीं कई बड़ी मांगें

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या की वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और टूटी हुई हॉकी भी बरामद कर ली।

जमीन के विवाद ने ले ली भाई की जान

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक रामकरन और आरोपी गया प्रसाद सगे भाई थे। दोनों के बीच पैतृक जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। कई बार परिवार और गांव के लोगों ने समझौता कराने की कोशिश भी की, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।

रविवार को दोनों भाइयों के बीच एक बार फिर कहासुनी हुई। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बाद गया प्रसाद ने अपने बेटे दीपक के साथ मिलकर रामकरन की हत्या की योजना बनाई। बाद में दीपक ने अपने साथी तेजवीर को भी इसमें शामिल कर लिया।

सुनियोजित तरीके से दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों ने मौका मिलते ही रामकरन पर चाकू और हॉकी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में एकजुट हुए अधिवक्ता, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की उठाई मांग

तीनों आरोपी भेजे गए जेल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के मामले में सभी जरूरी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। 

Location :  Amethi

Published :  21 July 2026, 6:33 PM IST