अंकित हत्याकांड: ‘जब तक आरोपियों का एनकाउंटर नहीं होगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं’- तीसरे दिन भी मांग पर अड़ा परिवार

अमेठी के गौरीगंज में लव मैरिज से नाराज मायके पक्ष द्वारा अंकित कश्यप की गला रेतकर हत्या का मामला तूल पकड़ लिया है। न्याय की मांग कर रही पत्नी ने आरोपियों के एनकाउंटर और कार्रवाई होने तक पति का अंतिम संस्कार करने से इंकार किया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी समेत चारों को दबोचा।

Updated : 5 August 2026, 1:01 PM IST
google-preferred

Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के गौरीगंज में हुआ चर्चित अंकित हत्याकांड लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इंटरकास्ट लव मैरिज से नाराज मायके पक्ष द्वारा कथित तौर पर युवक की निर्मम हत्या किए जाने के बाद, अब यह मामला और भी गंभीर हो गया है। घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जा सका है। शोकाकुल पत्नी ने जब तक आरोपियों के एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई जैसी सख्त मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया है।

क्या है पूरा मामला और कैसे शुरू हुआ विवाद?

यह पूरा सनसनीखेज मामला गौरीगंज कस्बे के वार्ड नंबर-17 (पूरे बान सिंह) का है। मृतक अंकित कश्यप की सोमवार की देर शाम को गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस खौफनाक वारदात के पीछे की पृष्ठभूमि साल 2023 से जुड़ी है। करीब तीन साल पहले हौसिला यादव की पुत्री श्वेता अचानक अपने घर से गायब हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जब युवती को बरामद किया, तब अंकित कश्यप के साथ उसके प्रेम प्रसंग का खुलासा हुआ था।

युवती के बालिग होने के बाद अंकित अपनी प्रेमिका श्वेता को लेकर दिल्ली चला गया था। श्वेता अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। दिल्ली में दोनों ने अपने दो बच्चों के साथ हंसी-खुशी जीवन बिताना शुरू कर दिया था। हालांकि, इस इंटरकास्ट प्रेम विवाह से श्वेता के परिजन अंदर ही अंदर बेहद आहत और गुस्से में थे। बीते 31 जुलाई को अंकित अकेले अपने घर अमेठी आया था, जबकि उसकी पत्नी श्वेता उस समय बच्चों के साथ दिल्ली में ही मौजूद थी।

महज 120 दिन की शादी में उठी अर्थी: सहारनपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद हंगामा, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप

घात लगाकर की गई हत्या, कमरे में बंद कर पीटा

पुलिस और स्थानीय जानकारी के मुताबिक, सोमवार की शाम जब अंकित बाजार से अपने घर लौट रहा था, तभी मुख्य आरोपी सुखई यादव और उसके घर वालों ने पहले से ही उसके लिए घात लगा रखी थी। मौका पाकर आरोपियों ने अंकित को जबरन अपने घर के अंदर खींच लिया और कमरे में बंद करके उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिसके बाद उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई।

पत्नी श्वेता का छलका दर्द: 'दोषियों का हो एनकाउंटर, तभी होगा पति का अंतिम संस्कार'

घटना की सूचना मिलने पर बुधवार को मृतक की पत्नी श्वेता यादव अपने दोनों मासूम बच्चों के साथ सीधे अपनी ससुराल पहुंचीं। पति की मौत से पूरी तरह टूट चुकी श्वेता ने प्रशासन के सामने कड़ी शर्तें रख दी हैं।

श्वेता ने मीडिया और पुलिस के सामने आपबीती सुनाते हुए कहा कि घटना के वक्त वह अपने मामा के यहां गई हुई थी, तभी फोन पर उसे अंकित और सुकई के बीच विवाद की जानकारी मिली। उसने रोते हुए कहा कि अगर सुकई को यह पता होता कि इस वक्त वह कहां है, तो वह उसे और उसके दोनों मासूम बच्चों को भी मौत के घाट उतार देता। आरोपियों ने उसके भाई को यह धमकी भी दी थी कि श्वेता जहां भी मिल जाएगी, उसके दोनों बच्चों समेत उसे जान से मार दिया जाएगा।

न्याय की गुहार लगाते हुए श्वेता ने प्रशासन से मांग की है कि जिस तरह से उसके पति की बेरहमी से हत्या की गई है, उसी तरह सभी आरोपियों का एनकाउंटर कर उन्हें मौत की सजा दी जाए और उनके मकानों पर बुलडोजर चलाया जाए। उसने दो टूक शब्दों में कहा कि वह अपने दोनों बच्चों को लेकर कहां जाएगी? जब तक आरोपियों को कठोरतम सजा नहीं मिलती, वह अपने पति का अंतिम संस्कार नहीं करेगी।

जाम छलके और बिखर गईं जिंदगी की डोर, सीतापुर में दोस्तों की गद्दारी का शिकार हुआ बेकसूर युवक

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

इस सनसनीखेज वारदात के बाद हरकत में आई स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपियों को धर दबोचा है। पूरे मामले की जानकारी देते हुए सीओ गौरीगंज अखिलेश वर्मा ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक मुख्य आरोपी घायल हो गया था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा नामजद तीन अन्य आरोपियों सहित कुल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

Location :  Amethi

Published :  5 August 2026, 1:00 PM IST

Related News

Advertisement