अमरगढ़ कोट लूटकांड का खुलासा! पुलिस को देखते ही बदमाश ने चला दी गोली, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

प्रतापगढ़ के अमरगढ़ कोट में महिला को बंधक बनाकर हुई लूट का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गोविंद सिंह के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से लूट के जेवरात, अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 August 2026, 7:52 AM IST
google-preferred

Pratapgarh: अमरगढ़ कोट में महिला को बंधक बनाकर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके पास से लूट का सामान और अवैध हथियार बरामद हुआ है।

महिला को बंधक बनाकर लूटा था घर

पुलिस के मुताबिक, बीते रविवार शाम थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र के गोदलपट्टी स्थित अमरगढ़ कोट में रहने वाली चंदा सिंह घर पर अकेली थीं। इसी दौरान तीन-चार बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों ने महिला को बंधक बनाया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

घटना के बाद पुलिस और स्वाट टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। गुरुवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल आरोपी पूरे दलपत शाह नहर के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

पुलिस ने संदिग्ध गोविंद सिंह निवासी ग्राम गोड़े, थाना नगर कोतवाली को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

राहुल गांधी के कार्यक्रम पर बड़ा यू-टर्न! रद्द हुई मंजूरी वापस, अजय राय के दांव से बदला पूरा खेल

जेवरात, तमंचा और बाइक बरामद

घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी अमरगढ़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट के सोने-चांदी के जेवरात, अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

देवरिया में गांव छोड़कर घूम रहे सफाई कर्मियों की अब खैर नहीं, लाइव लोकेशन से होगी हर दिन मॉनिटरिंग

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह ने बताया कि मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब लूट की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Location :  Pratapgarh

Published :  7 August 2026, 7:52 AM IST

Advertisement