हिंदी
विपिन बाजपेई समेत 10 पर शिकंजा (IMG: Dynamite News)
Sitapur: जमीन के एक विवाद ने रविवार को सीतापुर के अढ़ौरी बाईपास पर ऐसा तूल पकड़ा कि देखते ही देखते गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। आरोप है कि हथियारों से लैस लोगों ने करीब 25 राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। गोलियों की आवाज सुनकर अढ़ौरी मोड़ और आसपास के बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। अब इस मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी बताए जा रहे विपिन बाजपेई, उनके भाई समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिकअप, चार बाइक, दो अवैध तमंचे और लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं।
पूरा मामला महोली कोतवाली क्षेत्र के अढ़ौरी बाईपास का है। पुलिस के मुताबिक, देवसिया गांव निवासी शोभना शुक्ला पत्नी मुनीश शुक्ला के घर के सामने रविवार दोपहर विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। महिला की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद के बीच विपिन बाजपेई अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ आए कुछ लोग हथियारों से लैस थे और विवाद के दौरान करीब 25 राउंड गोलियां चलाई गईं।
दिनदहाड़े फायरिंग की घटना ने पुलिस-प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही महोली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ महोली नागेंद्र चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। कोतवाली प्रभारी जेबी पांडेय और उनकी टीम ने आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई का नतीजा सोमवार को सामने आया, जब विपिन बाजपेई समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फायरिंग की घटना में प्रत्येक की भूमिका की जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई वाहन और हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से एक पिकअप और चार बाइक मिली हैं। इसके अलावा दो अवैध तमंचे और लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस इन हथियारों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद असलहों का इस्तेमाल फायरिंग की घटना में किया गया था या नहीं।
महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में बलवा, फायरिंग और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी देख रही है कि जमीन विवाद की मूल वजह क्या है और विवादित जमीन पर किस तरह का दावा किया जा रहा है। इसके साथ ही फायरिंग में शामिल लोगों की भूमिका और हथियारों के स्रोत की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Sitapur
Published : 10 August 2026, 4:44 PM IST