हिंदी
शालीमार बाग इलाके में युवती रचना यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रचना अपने पति के मर्डर केस में अहम गवाह थीं और लगातार न्याय की लड़ाई लड़ रही थीं। पुलिस को शक है कि फरार आरोपियों ने गवाही से पहले दबाव बनाने के लिए हत्या की है।
प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स: इंटरनेट)
New Delhi: नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के शालीमार बाग थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतका की पहचान रचना यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही शालीमार बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोली चलने की आवाज सुनते ही अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपने घरों के दरवाजे बंद कर अंदर ही दुबक गए। वारदात के बाद से क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
रचना यादव का नाम पहले भी एक बड़े आपराधिक मामले से जुड़ चुका था। बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले उनके पति की भी बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस हत्याकांड के बाद से रचना यादव लगातार न्याय के लिए संघर्ष कर रही थीं। उन्होंने निचली अदालतों से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक अपनी लड़ाई लड़ी थी।
तुर्कमान गेट हिंसा का सोशल मीडिया कनेक्शन: 5 किरदार जिन्होंने भड़काई भीड़? दिल्ली पुलिस की रडार पर
पति की हत्या के मामले में रचना यादव एक महत्वपूर्ण गवाह थीं। केस अब गवाही के अंतिम चरण में पहुंच चुका था। रचना लगातार अदालत में पेश हो रही थीं और आरोपियों को सजा दिलाने के लिए दृढ़ संकल्पित थीं। यही वजह है कि पुलिस इस हत्या को पुराने केस से जोड़कर देख रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रचना यादव के पति की हत्या के मामले में कुल छह आरोपी थे, जिनमें से कुछ अभी भी फरार चल रहे हैं। खासतौर पर एक आरोपी, जो भलस्वा इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है, अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। आशंका जताई जा रही है कि उसी गिरोह ने रचना यादव की हत्या करवाई हो।
प्रदूषण बना सियासी जंग का मुद्दा: दिल्ली विधानसभा में प्रदूषण पर बवाल, आप के दो विधायक मार्शल आउट
मृतका की बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने पुलिस और मीडिया के सामने गंभीर आरोप लगाए। बेटी ने कहा कि मेरे पापा का केस अब गवाही के दौर में था। मेरी मम्मी उस केस में गवाह थीं। पापा के केस में छह कातिल थे, जिनमें से एक सरगना भलस्वा का रहने वाला था, जो अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ। हमें पूरा शक है कि उन्हीं लोगों ने मुखबिरी कर मेरी मम्मी को मरवाया है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इलाके में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।