तरुण गाबा कौन हैं? जिनको बनाया लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर, अमेरिका में की पढ़ाई; एक क्लिक में पढ़ें पूरा इतिहास

लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में तरुण गाबा की नियुक्ति के बाद हर कोई उनके बारे में जानना चाहता है। इंजीनियरिंग से लेकर अमेरिका में पढ़ाई, सीबीआई में चर्चित मामलों की जांच और बड़े आयोजनों की जिम्मेदारी तक, उनका सफर काफी दिलचस्प रहा है। जानिये आखिर कौन हैं तरुण गाबा।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 28 July 2026, 4:13 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस फेरबदल में 2001 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा को यूपी की राजधानी लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और बड़े आयोजनों के प्रबंधन का लंबा अनुभव रखने वाले तरुण गाबा अब प्रदेश की राजधानी की पुलिस व्यवस्था की कमान संभालेंगे।

एडीजी सुरक्षा से बने लखनऊ के पुलिस कमिश्नर

तरुण गाबा अभी तक पुलिस मुख्यालय में एडीजी (सुरक्षा) के पद पर तैनात थे। अब सरकार ने उन्हें लखनऊ पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी सौंपी है। यूपी सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल में कुल 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।

केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद मिली अहम जिम्मेदारियां

वर्ष 2020 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से उत्तर प्रदेश लौटने के बाद तरुण गाबा को पहले आईजी विजिलेंस बनाया गया। इसके बाद उन्हें गृह सचिव की जिम्मेदारी दी गई, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था और गृह विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों में अहम भूमिका निभाई। बाद में उन्हें एडीजी (सुरक्षा) नियुक्त किया गया।

ये भी पढ़ें- यूपी की सबसे बड़ी खबर: 15 सीनियर IPS के तबादले; लखनऊ, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर और गोरखपुर जोन के ADG बदले गये

लखनऊ और महाकुंभ से रहा है खास जुड़ाव

तरुण गाबा पहले भी लखनऊ में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। जून 2024 में उन्हें प्रयागराज महाकुंभ की तैयारियों के लिए तैनात किया गया था। महाकुंभ से जुड़े दायित्व सफलतापूर्वक निभाने के बाद उन्हें लखनऊ रेंज का आईजी बनाया गया। जनवरी 2026 में एडीजी पद पर पदोन्नत होने के बाद उन्होंने एडीजी सुरक्षा का कार्यभार संभाला और अब उन्हें लखनऊ पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।

कहां के रहने वाले हैं तरुण गाबा?

तरुण गाबा मूल रूप से चंडीगढ़ के रहने वाले हैं। उन्होंने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इलेक्ट्रिकल कम्युनिकेशन में बीई की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय से पुलिस मैनेजमेंट में एमडीपीएम, साइबर लॉ में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। उन्होंने अमेरिका के हम्फ्री स्कूल ऑफ पब्लिक अफेयर्स से फेलोशिप और इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (ISB) से पब्लिक पॉलिसी में एडवांस मैनेजमेंट कोर्स भी किया है।

ये भी पढ़ें- NTPC के CMD गुरदीप सिंह को मिला 6 महीने का सेवा विस्तार, ACC ने जारी किया आदेश

CBI में संभाले चर्चित मामलों की जांच

अपने सेवा काल में तरुण गाबा उत्तर प्रदेश के सात जिलों में पुलिस प्रमुख के रूप में कार्य कर चुके हैं। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) में डीआईजी रहते हुए उन्होंने व्यापम घोटाला और डेरा सच्चा सौदा से जुड़े चर्चित मामलों की जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रयागराज महाकुंभ 2025 के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी भी उन्होंने सफलतापूर्वक निभाई थी।

कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से हो चुके हैं सम्मानित

बेहतरीन सेवा और साहसिक कार्यों के लिए तरुण गाबा को कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें वर्ष 2008 में गवर्नर गोल्ड मेडल फॉर गैलेंट्री, राष्ट्रपति पुलिस पदक, डीजीपी डिस्क (सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम श्रेणी) और महाकुंभ 2025 के सफल आयोजन में योगदान के लिए मुख्यमंत्री महाकुंभ सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

Location :  Lucknow

Published :  28 July 2026, 4:13 PM IST

Related News

Advertisement