हिंदी
आशीष गोयल की जिम्मेदारी पर सबकी नजर (IMG: X)
Lucknow: उत्तर प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में एक बार फिर बड़ा फेरबदल हुआ है। सरकार ने अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर के 10 वरिष्ठ IAS अधिकारियों के विभागों में बदलाव कर दिया है। खास बात यह है कि कई बड़े और महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी अब नए अधिकारियों के पास होगी। वहीं, ऊर्जा विभाग की कमान संभाल रहे आशीष कुमार गोयल को अब श्रम एवं सेवायोजन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास नई दिल्ली में अपर स्थानिक आयुक्त का दायित्व भी रहेगा।
तबादला सूची को देखें तो सरकार ने सिर्फ एक-दो अधिकारियों की जिम्मेदारी नहीं बदली है। बल्कि स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, वन एवं पर्यावरण, खाद्य एवं रसद, कृषि, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा और श्रम जैसे अहम विभागों में बड़े बदलाव किए हैं। कई अधिकारियों को मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सबसे ज्यादा चर्चा आशीष कुमार गोयल के बदलाव को लेकर है। अब तक वह अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड और यूपीएसएलडीसी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नई व्यवस्था में उन्हें अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन बनाया गया है। साथ ही अपर स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली का दायित्व भी दिया गया है।
आशीष कुमार गोयल के पास ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी काफी अहम थी। उनके साथ बिजली क्षेत्र की कई बड़ी संस्थाओं का नेतृत्व भी जुड़ा हुआ था। तबादला आदेश में उनके मौजूदा दायित्वों में यूपी पावर कॉरपोरेशन, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन, राज्य विद्युत उत्पादन निगम और यूपीएसएलडीसी के अध्यक्ष पद का भी उल्लेख है। अब ये जिम्मेदारियां उनके पास नहीं रहेंगी और उनकी नई जिम्मेदारी श्रम एवं सेवायोजन विभाग होगी।
स्वास्थ्य विभाग में भी जिम्मेदारियों का बड़ा फेरबदल हुआ है। आदेश के मुताबिक अमित कुमार घोष को अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के पद से संबंधित जिम्मेदारी के साथ चिकित्सा शिक्षा और उच्च शिक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियां दी गई हैं। वहीं वी. हेकाली झिमोमी, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रमुख सचिव थी। उन्हें प्रमुख सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के साथ प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। यानी स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के मोर्चे पर भी प्रशासनिक टीम में बदलाव किया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को अब प्रमुख सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन की जिम्मेदारी दी गई है। इससे वन और पर्यावरण विभाग की प्रशासनिक कमान में भी बदलाव हुआ है।
श्री अनिल कुमार को पंचायती राज की मौजूदा जिम्मेदारी से हटाकर प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद तथा प्रमुख सचिव उपभोक्ता मामले की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ उन्हें आयुक्त खाद्य एवं रसद का दायित्व भी सौंपा गया है। वहीं खाद्य एवं रसद विभाग से जुड़े इन दायित्वों में बदलाव के साथ रणवीर प्रसाद को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन, राज्य विद्युत उत्पादन निगम और यूपीएसएलडीसी के अध्यक्ष पद भी जोड़े गए हैं।
डॉ. एमकेएस सुंदरम को श्रम एवं सेवायोजन विभाग से हटाकर तकनीकी शिक्षा, कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान तथा कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन से जुड़ी जिम्मेदारियां दी गई हैं। दूसरी ओर श्री रविंद्र के पास कृषि विभाग की मौजूदा जिम्मेदारी के साथ कृषि शिक्षण एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन, उत्तर प्रदेश राज्य कृषि मंडी परिषद और पंचायती राज से जुड़ी जिम्मेदारियां दी गई हैं।
अमित गुप्ता, जो प्रमुख सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें मौजूदा पद के साथ प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इस तरह तकनीकी शिक्षा, कृषि और उच्च शिक्षा से जुड़े विभागों में भी जिम्मेदारियों का नया बंटवारा देखने को मिला है।
Location : Lucknow
Published : 20 September 2026, 9:11 PM IST
Topics : ACS Transfer UP Ashish Goyal IAS IAS Officers Transfer UP IAS Transfer Uttar Pradesh Bureaucracy