बिहार नाव हादसा: 13 की मौत, 7 लोगों को NMCH भेजा गया; रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार रात नाव पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई। नाव पर सवार लोग श्राद्ध का भोज खाने जा रहे थे। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के मुताबिक, बचाव अभियान जारी है और सात लोगों को इलाज के लिए NMCH भेजा गया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 14 October 2026, 2:37 AM IST
google-preferred

Bihar: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार रात एक दर्दनाक नाव हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। हादसा रामपुर श्यामचंद पंचायत में उस समय हुआ, जब छोटी नाव पर सवार लोग श्राद्ध का भोज खाने के लिए ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे। बीच पानी में नाव पलटने से चीख-पुकार मच गई। मृतकों में अधिकतर बच्चे बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

भोज खाने जा रहे थे, बीच ढाब में पलट गई नाव

जानकारी के मुताबिक, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के निकट सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध का भोज आयोजित था। इसी भोज में शामिल होने के लिए करीब 20 से 25 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर ढाब के उस पार जा रहे थे। इसी दौरान मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे नाव बीच पानी में पलट गई।

वैशाली नाव हादसा में मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 4-4 लाख रुपये, CM सम्राट चौधरी ने किया ऐलान

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बचाव शुरू किया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कई लोगों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी और चीख-पुकार के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Bihar Accident

13 की मौत, सात लोगों को NMCH भेजा गया

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने जांच के बाद 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में 17 बच्चों को अस्पताल लाए जाने की बात सामने आई। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की उम्र करीब 15 वर्ष के आसपास है। उन्होंने कहा कि सात लोगों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए NMCH भेजा गया है।

डीएम के मुताबिक, घटनास्थल पर एसडीआरएफ की टीम मौजूद है और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन रातभर जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर अगले दिन भी चलाया जाएगा। डीएम के साथ एसएसपी शुभांक मिश्रा और अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Budaun Crime: मामूली कहासुनी में डंडे से पीटकर 50 साल के भीमसेन की हत्या, आरोपी फरार

CM ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

वहीं, ग्रामीणों ने हादसे के लिए जर्जर नाव को जिम्मेदार बताया और संबंधित अंचल अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे जिलाधिकारी वर्षा सिंह तथा एसएसपी शुभांक मिश्रा के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रशासन की ओर से बचाव अभियान और आगे की कार्रवाई जारी है।

Location :  Bihar

Published :  13 October 2026, 10:45 PM IST

Advertisement