हिंदी
भारतीय जनता पार्टी के नितिन नबीन आज राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। बिहार से पहली बार कोई नेता इस पद पर जा रहा है। 45 साल के युवा नितिन नबीन BJP के सबसे युवा अध्यक्ष होंगे। वे पिछले महीने ही राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने थे।
नितिन नबीन आज राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए भरेंगे नामांकन (Img: Google)
New Delhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और पूर्व बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन आज 19 जनवरी को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने बताया कि यह पहली बार है जब बिहार से कोई नेता दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व करने जा रहा है।
BJP के शीर्ष नेतृत्व ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सहमति से नितिन नबीन को इस पद के लिए चुना है। 45 साल की उम्र में नितिन नबीन पार्टी के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता इसे भाजपा के लिए ऐतिहासिक निर्णय मान रहे हैं।
नॉमिनेशन की पूर्व संध्या पर पार्टी मुख्यालय को होर्डिंग्स, बैनर और रंगीन लाइटों से सजाया गया है। सोमवार को पार्टी के टॉप नेताओं के मुख्यालय में इकट्ठा होने की संभावना है। भाजपा संगठन के अनुसार, नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत और संगठित होगी।
Nitin Nabin: जानिये कौन हैं नितिन नबीन, जिनको भाजपा ने बनाया पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
नितिन नबीन ने 15 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभाला था। वे पांच बार निर्वाचित विधायक और अनुभवी संगठनकर्ता हैं। युवा मोर्चा, राज्य सरकार में मंत्री पद और राष्ट्रीय संगठन की जिम्मेदारियों के माध्यम से उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में अनुशासन, परिश्रम और जनविश्वास को मजबूत किया है।
BJP नेता राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि नितिन नबीन का चयन पार्टी के लिए गर्व की बात है। यह निर्णय न केवल बिहार के लिए बल्कि पूरे देश में युवा नेतृत्व की ओर भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Video: बीजेपी ऑफिस में ढोल-नगाड़े, नितिन नबीन के स्वागत में जुटे हजारों कार्यकर्ता
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पार्टी में नए जोश और उत्साह का संचार होगा। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि युवा नेतृत्व और अनुभव का संयोजन संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उनके नेतृत्व में भाजपा अगले आम चुनावों में रणनीतिक और संगठनात्मक मजबूती के साथ कदम बढ़ाएगी।